Skip to content

Eid 2026: नीतीश कुमार ने मुस्लिम भाई-बहनों को दी ईद की बधाई, कहा- ‘खुदा इस मुबारक दिन पर…’

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ईद-उल-फित्र के मौके पर प्रदेश एवं देशवासियों विशेषकर मुस्लिम भाई-बहनों को ईद की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं. शुक्रवार (20 मार्च, 2026) को मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि पवित्र रमजान के महीने में रोजेदारों द्वारा की गई इबादतों से उनके घर-परिवार के साथ-साथ प्रदेश और देश में शांति एवं समृद्धि आएगी. 

‘हम सबों का जीवन सुख-शांति से भरा रहे’

उन्होंने कहा, “मेरी कामना है कि समाज में अमन-चैन, भाईचारा पूरे तौर पर कायम रहे. ईद का दिन ईनाम का दिन है. खुदा इस मुबारक दिन पर अपने नेक बंदों को ईनाम से नवाजते हैं. खुदा हम सब पर अपनी रहमतों की बारिश करें और हम सबों का जीवन सुख, शांति, समृद्धि से भरा रहे.”

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत एक महान देश है. यहां विभिन्न धर्मों, संप्रदायों एवं मतावलंबियों के बीच पारस्परिक सौहार्द्र, प्रेम और सहिष्णुता बेमिसाल है. यहां सभी लोग एक दूसरे के पर्व त्याहारों में शामिल होकर खुशियां बांटते हैं और एक-दूसरे के धर्मों का सम्मान करते हैं. इसी से प्रदेश एवं देश को मजबूती मिलती है.

यह भी पढ़ें- बिहार: प्रीमियम पेट्रोल के दाम बढ़ने पर मुकेश सहनी की प्रतिक्रिया, सरकार से कहा- ‘तत्काल…’

तेजस्वी यादव ने भी दी मुबारकबाद

दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी ईद की बधाई दी है. उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में लिखा है, “आप सबों को ईद की दिली मुबारकबाद. ईद का दिन ईनाम का दिन है. खुदा सब पर रहमतों की बारिश करें तथा सभी का जीवन सुख, शांति, समृद्धि और संपन्नता से परिपूर्ण हो.” 

आगे लिखते हैं, “मुल्क में खुशहाली, भाईचारगी, तरक्की और इंसानियत की बुलंदी हो, परवरदिगार हम सबों को जरूरतमंदों का मददगार बनाए, इन्हीं दुआओं के साथ खुदा हमारी तमाम इबादतों को कुबूल फरमाए. इस मुबारक दिन गुजारिश है कि देश-प्रदेश में अमन-चैन, भाईचारा कायम रहे. ईद मुबारक!”

यह भी पढ़ें- बिहार में ‘सम्राट मॉडल’ की बात हो रही, सवाल पर नीतीश कुमार की पार्टी ने दिया ये रिएक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *