Skip to content

Delhi Weather: दिल्ली में मौसम का सरप्राइज! 50 किमी रफ्तार की हवाएं और बारिश, पढ़ें IMD का ताजा अपडेट

भीषण गर्मी के बीच उत्तर भारत में मौसम ने करवट ली है. राजधानी दिल्ली सहित पंजाब और उत्तर प्रदेश में जहां तापमान रिकॉर्ड स्तर पर बना हुआ था, वहीं अब बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राष्ट्रीय राजधानी में 15 मार्च को हल्की बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जताया है, जिसके चलते दिल्ली में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया था. 

15 मार्च की सुबह दिल्ली के कुछ इलाकों में बारिश देखी गई है. वहीं तापमान 18 से 19 डिग्री दर्ज की गई है. इससे गर्मी से परेशान लोगों को इससे थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

तापमान में गिरावट और मौसम का हाल

राष्ट्रीय राजधानी के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था. पालम और लोधी रोड के मौसम निगरानी केंद्रों पर न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग ने राजधानी में तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार 15 और 16 मार्च को करीब 45 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.

पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम गतिविधियां

‘स्काईमेट वेदर’ के मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि पश्चिमी हिमालय की ओर बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण मध्य पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब एवं हरियाणा में चक्रवाती गतिविधि विकसित हुई है. इसके प्रभाव से पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों में बारिश होने की संभावना है. यह इस मौसम की पहली मानसून-पूर्व बारिश मानी जा रही है, जो सामान्य से लगभग दस दिन पहले आ रही है.

वायु गुणवत्ता और आगे का पूर्वानुमान

दिल्ली का अधिकतम तापमान शनिवार को 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक था. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार तक न्यूनतम तापमान 14-16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 31-33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, 14 मार्च सुबह दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 145 था, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है. 24 घंटे का औसत एक्यूआई शाम चार बजे 153 दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को यह 189 था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *