दिल्ली में नवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है. खासतौर पर कालकाजी मंदिर के आसपास के इलाकों में 18 मार्च से 27 मार्च 2026 तक यातायात पर असर पड़ने की संभावना जताई गई है. ऐसे में आम लोगों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले पूरी योजना बनाकर निकलें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें.
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक आउटर रिंग रोड, मां आनंदमयी मार्ग, कैप्टन गौर मार्ग और आस्था कुंज रोड पर सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिल सकता है. इन मार्गों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रहने और जाम की स्थिति बनने की आशंका है. ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी लें और जहां संभव हो, निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें. इससे न सिर्फ समय की बचत होगी बल्कि ट्रैफिक दबाव भी कम होगा.
भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध
नवरात्रि के पहले दिन यानी 18 मार्च को दोपहर 2 बजे से लेकर 19 मार्च की रात 2 बजे तक कुछ प्रमुख मार्गों पर भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी. हालांकि, आपातकालीन सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है.
पार्किंग को लेकर सख्त नियम
नेहरू प्लेस से मोदी मिल फ्लाईओवर के बीच आउटर रिंग रोड पर पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी. वाहन चालकों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की सलाह दी गई है.
पैदल चलने वालों के लिए दिशा-निर्देश
मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे सड़क पार करने के लिए फुट ओवर ब्रिज का ही इस्तेमाल करें. रेलिंग कूदकर या बीच सड़क से पार करने पर सख्त कार्रवाई हो सकती है. साथ ही फुटपाथ पर बने निर्धारित रास्तों का ही उपयोग करें. वहीं, वाहन चालकों से ट्रैफिक पुलिस ने अपील करते हुए कहा है कि वे मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें. ताकि त्योहार के दौरान यातायात सुगम बना रहे.