मार्च अभी शुरू ही हुआ है और राजधानी में मई-जून वाली गर्मी का एहसास होने लगा है. बीते दिन यानी 6 मार्च इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया. राजधानी में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 7 डिग्री ज्यादा है. मार्च की शुरुआत में ही बढ़ती गर्मी ने लोगों को हैरान कर दिया है और दोपहर में तेज धूप का असर साफ महसूस किया जा रहा है.
दिन के साथ रात का तापमान भी बढ़ा
दिल्ली में केवल दिन का तापमान ही नहीं बल्कि रात का तापमान भी सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया है. इससे सुबह और शाम के समय भी हल्की ठंडक की जगह गर्माहट महसूस हो रही है. सफदरजंग मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.6 डिग्री ज्यादा है. लोधी रोड इलाके में न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक है.
आमतौर पर मार्च की शुरुआत में सुबह और रात के समय हल्की ठंडक बनी रहती है, लेकिन इस बार तापमान ज्यादा होने की वजह से सुबह और शाम भी गर्म महसूस हो रही है. वहीं राजधानी की हवा फिलहाल मॉडरेट श्रेणी में बनी हुई है और एयर क्वालिटी इंडेक्स 171 दर्ज किया गया है.
अगले 10 दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने के संकेत
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में भी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम का रुख लगभग ऐसा ही बना रह सकता है. आसमान साफ रहने और तेज धूप के कारण तापमान में धीरे धीरे और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है.
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली और आसपास के राज्यों जैसे पंजाब में अगले लगभग 10 दिनों तक किसी बड़ी मौसम गतिविधि की संभावना नहीं है. इस दौरान दिन के तापमान के साथ साथ सुबह और शाम के तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. साथ ही आने वाले दिनों में हवा की रफ्तार बढ़ने के संकेत भी मिल रहे हैं, जिससे मौसम शुष्क बना रह सकता है.