दिल्ली सरकार यमुना नदी के निरीक्षण के लिए दो वीआईपी नावें खरीदने जा रही है. इसके लिए सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग यानी I&FC की ओर से करीब 6.2 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया जाएगा. प्रत्येक नाव की कीमत करीब 3.10 करोड़ रुपये होगी. टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी होने की संभावना है जबकि सप्लायर तय होने के बाद नावों की खरीद में लगभग 5 महीने का समय लग सकता है.
यमुना सफाई अभियान के तहत वरिष्ठ अधिकारी करेंगे नदी का निरीक्षण
सरकारी अधिकारियों के अनुसार यमुना सफाई अभियान के तहत नदी का निरीक्षण करने के लिए वीआईपी और वरिष्ठ अधिकारियों को इन नावों का उपयोग करना होगा. इन नावों के जरिए यमुना की स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लिया जा सकेगा और सफाई कार्यों की निगरानी की जा सकेगी.
AC केबिन से लेकर बिजनेस क्लास सीट तक – क्या-क्या होगा नावों में
इन हाई-एंड नावों में कई आधुनिक सुविधाएं होंगी. नाव में एसी युक्त बंद केबिन होगा जिसमें बिजनेस क्लास जैसी वीआईपी सीटें लगाई जाएंगी. खाने-पीने के लिए पेंट्री की व्यवस्था होगी और वॉशरूम की भी सुविधा उपलब्ध रहेगी. इसके अलावा नाव में 400 लीटर पानी स्टोरेज की क्षमता होगी. नाव के पीछे एक ओपन डेक भी होगा जहां वीआईपी सार्वजनिक कार्यक्रमों या निरीक्षण के दौरान बैठ सकेंगे. प्रत्येक नाव में 16 से 20 लोगों के बैठने की सुविधा होगी.
6.2 करोड़ के खर्च पर उठ सकते हैं सवाल
यमुना जो दिल्ली में सबसे प्रदूषित नदियों में से एक मानी जाती है उसकी सफाई के लिए वीआईपी निरीक्षण नावों पर 6.2 करोड़ रुपये खर्च करने का यह फैसला चर्चा का विषय बन सकता है. सवाल यह उठता है कि बिजनेस क्लास सीट, पेंट्री और AC केबिन जैसी सुविधाओं से लैस इन महंगी नावों की जरूरत क्या सिर्फ नदी निरीक्षण के लिए है. टेंडर जारी होने के बाद यह प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.