दिल्ली के द्वारका जिले के बिंदापुर थाना क्षेत्र के मंसा राम पार्क स्थित झुग्गी बस्ती में बुधवार देर रात भीषण आग ने तबाही मचा दी. करीब 80 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं और सैकड़ों लोग बेघर हो गए. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
रात करीब 12 बजे लगी आग
पुलिस के मुताबिक 11 मार्च की रात करीब 11 बजकर 57 मिनट पर PCR कॉल के जरिए आग लगने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही बिंदापुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और झुग्गियों में रह रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. देर रात अचानक लगी आग से बस्ती में अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाकर भागने लगे. पुलिस की त्वरित कार्यवाही से बड़ा हादसा टल गया.
28 दमकल गाड़ियां मौके पर, तड़के 3 बजे पाया काबू
आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की करीब 28 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत की और 12 मार्च तड़के करीब 3 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया गया. तब तक करीब 80 झुग्गियां जलकर पूरी तरह खाक हो चुकी थीं. झुग्गी में रहने वाले लोगों का सारा सामान और घर राख हो गया.
7 मार्च को भी लगी थी आग
यह पहली बार नहीं है जब मंसा राम पार्क की इन झुग्गियों में आग लगी हो. पुलिस के अनुसार 7 मार्च को भी इसी जगह आग लगने की घटना हुई थी जिसे 8 दमकल गाड़ियों की मदद से बुझाया गया था. उस मामले में बिंदापुर थाने में FIR नंबर 155/26 धारा 326(F) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया था.
विवादित जमीन पर पहले से थीं अवैध कूड़े और आग की शिकायतें
राजस्व विभाग के अनुसार यह जमीन निजी है हालांकि इसके मालिकाना हक को लेकर विवाद चल रहा है. यहां पहले भी कूड़ा अवैध रूप से डालने और उसे आग लगाने की कई शिकायतें मिल चुकी हैं. इसी वजह से 7 मार्च को DM कापसहेड़ा द्वारा यहां मलबा हटाने का अभियान चलाया जाना था लेकिन लॉजिस्टिक कारणों से इसे टाल दिया गया था. अब लगातार दो बार आग लगने की घटना के बाद इस पूरे मामले पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.