दिल्ली के बवाना इलाके में हुए हत्या के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपी की पहचान निखिल के रूप में हुई है, जो पूठ खुर्द इलाके का रहने वाला है. पुलिस के मुताबिक वह इस मामले में काफी समय से फरार चल रहा था.
यह मामला 8 मार्च 2026 का है. उस दिन बवाना थाना पुलिस को पीसीआर कॉल मिली कि सुल्तानपुर डबास रोड पर राज वाटिका के पास एक युवक को गोली मार दी गई है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक युवक स्कूटी के पास गंभीर हालत में पड़ा मिला.
हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
बाद में उसकी पहचान भूपेंद्र निवासी पूठ खुर्द के रूप में हुई. घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद बवाना थाने में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.
दिल्ली पुलिस ने खुफिया जानकारी पर की कार्रवाई
वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की टीम को फरार आरोपियों की तलाश की जिम्मेदारी दी गई. पुलिस टीम लगातार तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी रही. इसी दौरान पुलिस को निखिल की लोकेशन के बारे में पुख्ता सूचना मिली.
इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने रोहिणी सेक्टर-34 में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में निखिल ने बताया कि उसने अपने साथी देवराज, सुमित और एक नाबालिग के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था. निखिल के अनुसार देवराज की भूपेंद्र से पहले से दुश्मनी थी और उसी रंजिश के चलते उन्होंने गोली मारकर हत्या कर दी.
दिल्ली पुलिस की जांच जारी
दिल्ली पुलिस के मुताबिक इस मामले में एक नाबालिग को पहले ही पकड़ लिया गया है, जबकि दो आरोपी देवराज और सुमित अभी भी फरार हैं. उनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. क्राइम ब्रांच का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.