दिल्ली पुलिस की साउथ डिस्ट्रिक्ट ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर बड़ी चोरी की वारदात का खुलासा किया है. आरोपी की पहचान निलेश उर्फ निकेश के रूप में हुई है. जो आर.के. पुरम के केडी कॉलोनी का रहने वाला है. पुलिस ने उसके पास से चोरी की पूरी ज्वेलरी, 2.69 लाख नकद, एक मास्टर चाबी और दो स्कूटी बरामद की हैं.
14 फरवरी को घर से उड़ाए 3.5 लाख रुपये और सोना चांदी
दिल्ली पुलिस के मुताबिक 14 फरवरी 2026 को आर.के. पुरम सेक्टर-1 निवासी टी. साईं अपने परिवार के साथ शादी में शामिल होने के लिए राजस्थान गए हुए थे. जब वे वापस लौटे तो घर का ताला लगा हुआ था, लेकिन अंदर से करीब 3.5 लाख नकद और सोने-चांदी के गहने गायब मिले. इसके बाद पीड़ित की शिकायत पर थाना आर.के. पुरम में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. मामले को सुलझाने के लिए पुलिस की एक टीम बनाई गई.
दिल्ली पुलिस को सीसीटीवी से मिली अहम जानकारी
दिल्ली पुलिस की जांच के दौरान इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति घर का ताला खोलते हुए दिखाई दिया. पहले वह गेट खोलने में असफल रहा, लेकिन बाद में मास्टर चाबी की मदद से ताला खोलकर अंदर घुस गया और करीब आधे घंटे बाद चोरी का सामान लेकर स्कूटी से फरार हो गया. सीसीटीवी और टेक्निकल जांच के आधार पर पुलिस ने निलेश की पहचान कर उसे पूछताछ के लिए बुलाया.
सख्ती से पूछताछ करने पर कबूल की चोरी की वारदात
शुरुआत में उसने खुद को निर्दोष बताया और कहा कि घटना के समय वह द्वारका के एक फाइव स्टार होटल में नाइट ड्यूटी कर रहा था, जहां वह शेफ के तौर पर काम करता है. हालांकि पुलिस ने उसकी गतिविधियों और बैंक लेनदेन की गहन जांच की. जिसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली.
मास्टर चाबी का करता था इस्तेमाल
दिल्ली पुलिस को आरोपी ने बताया कि वह चीनी ताले खोलने के लिए खास मास्टर चाबी का इस्तेमाल करता था और चोरी के बाद ताला फिर से बंद कर देता था ताकि किसी को शक न हो. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की ज्वेलरी और स्कूटी बरामद कर ली. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अंबेडकर बस्ती इलाके में भी इसी तरीके से चोरी की दो और कोशिशें की थीं. फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है.