Skip to content

Delhi News: पालम होटल डकैती के फरार आरोपी को क्राइम ब्रांच ने दबोचा, पूछताछ में कबूला जुर्म

दिल्ली में पालम होटल डकैती मामले में क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. इस वारदात में शामिल फरार चल रहे आरोपी महेश उर्फ गंजा को 13 मार्च 2026 को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने माता-पिता से मिलने पालम स्थित घर आ सकता है और वहीं से उसे दबोच लिया गया. पूछताछ में महेश ने होटल डकैती में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है.

 28 सितंबर 2025 की रात मास्क पहनकर होटल में घुसे थे 5-6 बदमाश

पुलिस के मुताबिक यह मामला 29 सितंबर 2025 को थाना पालम विलेज में दर्ज किया गया था. 28 सितंबर की रात पालम विलेज इलाके के एक होटल में 5 से 6 नकाबपोश बदमाश लोहे की रॉड लेकर जबरन घुस आए. बदमाशों ने होटल में घुसते ही जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी. कांच के पैनल तोड़े, फर्नीचर और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया और होटल स्टाफ के साथ मारपीट की. काउंटर से करीब दो लाख रुपये लूट लिए. हमले में होटल कर्मचारी प्रियंशु घायल हो गया था जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

 सबूत मिटाने के लिए CCTV का DVR भी ले गए थे साथ

इस वारदात में बदमाशों की शातिराना सोच भी सामने आई. जाते समय आरोपी होटल में लगे CCTV कैमरों का DVR भी अपने साथ ले गए ताकि उनके खिलाफ कोई सबूत न बच सके. बावजूद इसके पुलिस ने जांच जारी रखी और एक-एक आरोपी तक पहुंचती रही.

 पांच पहले ही गिरफ्तार, महेश फरार था 

घटना के बाद पुलिस ने रितिक, मोहम्मद लड़का, प्रकाश उर्फ चीनू, राकेश और मोहम्मद इब्रार को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था. लेकिन महेश उर्फ गंजा पुलिस की पकड़ से बचकर फरार हो गया था. क्राइम ब्रांच की टीम लगातार उसकी तलाश में लगी रही. 13 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सरोजिनी नगर इलाके में आ सकता है. पुलिस ने वहां जाल बिछाया लेकिन आरोपी नहीं पहुंचा. बाद में सूचना मिली कि वह माता-पिता से मिलने पालम स्थित घर आ सकता है और आखिरकार वहीं से उसे धर दबोचा गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *