दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर से आतंकी बने शहजाद भट्टी के एक अहम सहयोगी को गिरफ्तार कर एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का खुलासा किया है. पकड़ा गया आरोपी 18 वर्षीय हरमनदीप सिंह उर्फ हरमन है, जो उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले का रहने वाला है. पुलिस के मुताबिक आरोपी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में था और उनके कहने पर भारत में गतिविधियां चला रहा था.
पुलिस की स्पेशल सेल को मिली थी अहम जानकारी
दिल्ली पुलिस को जानकारी मिली थी कि पाकिस्तान में बैठा शहजाद भट्टी भारत में आतंकी वारदातों की साजिश रच रहा है और इसके लिए युवाओं को सोशल मीडिया के जरिए फंसा रहा है. इसी दौरान पुलिस को हरमनदीप के बारे में पता चला, जो लगातार भट्टी और उसके विदेश में बैठे साथियों के संपर्क में था. जांच के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पंजाब के होशियारपुर जिले के तलवाड़ा इलाके में तीन जगहों पर TTH लिखकर ग्रैफिटी की थी और उसके फोटो-वीडियो बनाकर पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलर्स को भेजे थे. पुलिस ने उसके पास से वही स्प्रे पेंट की बोतल और मोबाइल फोन बरामद किया है. जिसमें भट्टी और अन्य लोगों के साथ आपत्तिजनक चैट मिली है.
पुलिस की पूछताछ में हुआ आरोपी का अहम खुलासा
दिल्ली पुलिस की पूछताछ में पता चला कि पाकिस्तान में बैठे हैंडलर सोशल मीडिया के जरिए भारत के युवाओं को गैंग और पैसे का लालच देकर अपने नेटवर्क में शामिल करते हैं. पहले उन्हें छोटे-मोटे काम जैसे जगहों की रेकी करना, वीडियो बनाना या ग्रैफिटी लिखने जैसे काम दिए जाते हैं. इसके बाद उनसे बड़ी वारदातें जैसे फायरिंग या ग्रेनेड हमला कराने की साजिश रची जाती है.
ये भी पढ़िए- Delhi News: दिल्लीवालों को लगेगा झटका! अगले महीने से बढ़ सकती हैं बिजली की दरें, पढ़ें डिटेल
पुलिस की जांच में हुआ अहम खुलासा
दिल्ली पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी को रामपुर में पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमला करने का भी निर्देश दिया गया था. इसके लिए हथियार और ग्रेनेड पंजाब के रास्ते ड्रोन के जरिए भारत भेजने की बात कही गई थी. हालांकि उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर साजिश नाकाम कर दी. फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है.
ये भी पढ़िए- Delhi News: रेहड़ी-पटरी वालों के लिए MCD का बड़ा प्लान, वेंडिंग जोन तय करने की प्रक्रिया तेज