Skip to content

Delhi News: दिल्ली में स्टंटबाजी बनी जानलेवा, वीडियो बनाते वक्त युवक ने खुद को मारी गोली, मौके पर मौत

दिल्ली के दल्लुपुरा इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां पवन नाम के युवक ने कथित तौर पर स्टंट करते हुए खुद को गोली मार ली. पुलिस के अनुसार, पवन अपने चचेरे भाई की लाइसेंसी पिस्टल लेकर वीडियो बना रहा था और इसी दौरान उसने पिस्टल में मैगजीन डालकर उसे अपने सीने पर लगा लिया. जैसे ही उसने ट्रिगर दबाया, गोली सीधे उसके दिल में जा लगी. जिसके बाद उसकी मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

घटना के बाद पवन को तुरंत धर्मशिला अस्पताल, वसुंधरा एन्क्लेव ले जाया गया. पुलिस को 16 मार्च को अस्पताल से ही एमएलसी की सूचना मिली. जब तक पुलिस पहुंची, पवन को बेहोशी की हालत में लाया जा चुका था. डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. उसकी उम्र करीब 28 साल बताई जा रही है.

चचेरे भाई की लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली

जांच में सामने आया कि जिस पिस्टल से गोली चली, वह पवन के चचेरे भाई हिमांशु की लाइसेंसी पिस्टल थी. घटना के वक्त हिमांशु मौके पर मौजूद था और वह पूरी घटना का वीडियो भी बना रहा था. वीडियो में साफ दिख रहा है कि पवन खुद ही हथियार संभालते हुए ट्रिगर दबा रहा है.

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. अस्पताल और घटनास्थल दोनों जगहों से सबूत जुटाए गए. पुलिस ने लाइसेंसी पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस और वीडियो रिकॉर्डिंग वाला मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एलबीएस अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया है.

मामला दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने इस मामले में थाना न्यू अशोक नगर में बीएनएस की धारा 105 और शस्त्र अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है. शुरुआती जांच में इसे आत्मघाती घटना माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *