Skip to content

Delhi News: दिल्ली पुलिस का ‘ऑपरेशन शस्त्र’ 47 अपराधी गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद

दिल्ली पुलिस ने अपराध पर लगाम लगाने के लिए चलाए गए विशेष अभियान ऑपरेशन शस्त्र के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर 47 अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इनमें 21 बदमाश ऐसे हैं जिन्हें पुलिस रिकॉर्ड में बैड कैरेक्टर के रूप में दर्ज किया गया है. इस अभियान के दौरान 13 देसी पिस्टल, 16 जिंदा कारतूस, 31 चाकू और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है.

 11 मार्च सुबह 8 बजे से 12 मार्च सुबह 8 बजे तक चला अभियान

यह अभियान 11 मार्च सुबह 8 बजे से 12 मार्च सुबह 8 बजे तक चलाया गया. उत्तरी रेंज के तीन जिलों  आउटर नॉर्थ, रोहिणी और नॉर्थ-वेस्ट  की पुलिस टीमों ने मिलकर अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की. यह अभियान सड़क अपराध, जबरन वसूली, अवैध हथियार रखने और लूटपाट जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया गया था.

अशोक विहार इलाके से दिनेश उर्फ डोरेमोन को गिरफ्तार किया गया जिसके खिलाफ 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं. वहीं गौरव नाम के आरोपी को उसकी सोशल मीडिया प्रोफाइल के आधार पर पकड़ा गया जिसमें वह खुलेआम हथियार लहराते दिख रहा था. गौरव पहले भी एक हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले में शामिल रह चुका है.

 दो हत्याओं का आरोपी महेश उर्फ चिकना और फरार नासिरुद्दीन भी दबोचा

साउथ रोहिणी का कुख्यात बदमाश महेश उर्फ चिकना भी गिरफ्तार किया गया जो दो हत्या समेत सात मामलों में वांछित था. आदर्श नगर इलाके से नासिरुद्दीन उर्फ नासिर को भी पकड़ा गया जो बार-बार ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था.

 9.3 किलो गांजा, 723 लीटर अवैध शराब भी जब्त

पुलिस ने इसी दौरान अन्य अभियानों में 9.3 किलो गांजा बरामद किया. एक्साइज एक्ट के तहत 25 मामले दर्ज कर 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 723 लीटर अवैध शराब जब्त की गई. जुआ एक्ट के तहत भी सात मामले दर्ज कर 14 लोगों को पकड़ा गया. दिल्ली पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन शस्त्र जैसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही होती रहेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *