दिल्ली बजट 2026 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. 16 मार्च को दिल्ली कैबिनेट ने लंबे समय से प्रतीक्षित बजट सत्र को मंजूरी दे दी है. यह सत्र 23 से 25 मार्च 2026, तक 3 दिनों तक चलेगा. 24 मार्च को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया जाएगा. अधिकारियों के मुताबिक सत्र के पहले दिन दिल्ली का आर्थिक सर्वेक्षण भी सदन में रखा जाएगा.
दिल्ली सरकार के अनुसार बजट सत्र की पूरी रूपरेखा तय कर दी गई है. 23 मार्च को विधानसभा में आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा, जिसमें राजधानी की आर्थिक स्थिति और विकास से जुड़े प्रमुख आंकड़े सामने रखे जाएंगे. इसके अगले दिन 24 मार्च को सरकार वार्षिक बजट पेश करेगी. 25 मार्च को बजट पर चर्चा और अन्य विधायी कार्य होने की संभावना है.
इस साल का बजट 1 लाख करोड़ रुपये से हो सकता है अधिक
एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने साल 2025 में विधानसभा में अपना पहला बजट पेश किया था, जिसका आकार करीब 1 लाख करोड़ रुपये था. यह उनका मुख्यमंत्री बनने के बाद पहला बजट था. अधिकारियों का कहना है कि इस बार बजट आवंटन पिछले साल के मुकाबले थोड़ा अधिक या उसके आसपास रहने की संभावना है.
विकास, हरित पहल और शिक्षा जैसे क्षेत्रों पर होगा फोकस!
अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री का दूसरा बजट राजधानी के दीर्घकालिक विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है. इसमें बुनियादी ढांचे के विकास, हरित पहल और शिक्षा क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया जा सकता है. जिसके लिए शिक्षा क्षेत्र के लिए योजनाओं का विस्तार पर फोकस होगा.
इसके साथ ही पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए प्रदूषण नियंत्रण, स्वच्छ ऊर्जा, जल संरक्षण और जैव विविधता संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों को भी बजट में प्राथमिकता मिलने की संभावना है. वहीं बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर विशेष जोर भी दिया जाएगा. वहीं, लंबे समय से दिल्ली में साफ हवा की गंभीर समस्या बनी हुई है और इस बार का बजट इस दिशा में कुछ अच्छी खबर लेकर आ सकता है.