Skip to content

Delhi News: खाने का लालच देकर खजूरी खास से 8 महीने के बच्चे का अपहरण, पुलिस ने 2 दिन में खोज निकाला

दिल्ली के खजूरी खास इलाके में 8 महीने के मासूम बच्चे के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया. एक महिला ने खाने का लालच देकर बच्चे को अपने साथ ले जाकर गायब कर दिया. लेकिन दिल्ली पुलिस ने महज दो दिन के भीतर इस पूरे मामले को सुलझा लिया. पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर उसकी मां को सौंप दिया और इस मामले में एक दंपती को गिरफ्तार किया है.

फ्लाईओवर के नीचे रहती है पीड़ित महिला

दिल्ली पुलिस के मुताबिक 9 मार्च को खजूरी खास थाने में एक 45 वर्षीय महिला ने शिकायत दी. महिला ने बताया कि वह खजूरी खास फ्लाईओवर के नीचे रहती है. उसी दिन शाम करीब साढ़े चार बजे करीब 35 साल की एक अज्ञात महिला उसके पास आई. उसने खाने का लालच देकर उसके 8 महीने के बेटे को अपने साथ ले जाने की बात कही और बच्चे को लेकर मौके से फरार हो गई. बच्चे के अचानक गायब होने से परिवार में कोहराम मच गया.

FIR दर्ज होते ही सक्रिय हुई पुलिस, जांच टीम लगाई गई

शिकायत मिलते ही खजूरी खास थाने में तुरंत FIR दर्ज कर जांच शुरू की गई. दिल्ली पुलिस की टीम ने आसपास के इलाकों में जांच तेज कर दी. पुलिस ने संभावित सुराग और अन्य साक्ष्य जुटाने शुरू किए. CCTV फुटेज खंगाली गई और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई. एक-एक सुराग को खंगालते हुए पुलिस आरोपी महिला तक पहुंची.

रूप नगर से बच्चा बरामद, महिला ने कबूल किया जुर्म

जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले जिसके आधार पर पुलिस टीम ने रूप नगर इलाके में दबिश दी और 30 साल की महिला को पकड़ लिया. उसके पास से अपहृत 8 महीने का बच्चा सुरक्षित बरामद कर लिया गया. पूछताछ में महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसकी निशानदेही पर उसके पति पवन को भी गिरफ्तार किया गया जो इस अपहरण में शामिल था. पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित उसकी मां को सौंप दिया जिससे पूरे परिवार ने राहत की सांस ली.

पुलिस की त्वरित कार्यवाही की हर तरफ हो रही सराहना

महज दो दिन में इस पूरे मामले को सुलझाने के लिए दिल्ली पुलिस की हर तरफ सराहना हो रही है. पुलिस की इस तत्परता ने बच्चे को समय रहते सुरक्षित बचाने में अहम भूमिका निभाई. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की आगे की जांच जारी रखे हुए है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दंपती ने यह अपहरण किस मकसद से किया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *