दिल्ली पुलिस की द्वारका जिला स्पेशल स्टाफ टीम ने कुख्यात गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग के शूटर लकी उर्फ भवानी को हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले से गिरफ्तार किया है. आरोपी काफी समय से अदालत में चल रहे मामले में पेश नहीं हो रहा था और उसके खिलाफ कोर्ट से गैर-जमानती वारंट और उद्घोषणा की कार्रवाई भी जारी हो चुकी थी.
पुलिस के मुताबिक लकी उर्फ भवानी महेंद्रगढ़ के नांगल श्यालू गांव का रहने वाला है. उसे नांगल श्यालू, थाना निजामपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दोबारा जेल भेज दिया गया.
दिल्ली पुलिस ने गुप्त सूचना पर की अहम कार्रवाई
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली कि नंदू गैंग का शार्प शूटर लकी उर्फ भवानी जेल से बाहर है और अपने गांव में रह रहा है. साथ ही यह भी पता चला कि वह अपने साथियों से संपर्क करने की कोशिश कर रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम हरियाणा के महेंद्रगढ़ पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी कर आरोपी को पकड़ लिया. जांच में सामने आया कि आरोपी अदालत से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ कार्रवाई पहले से जारी थी.
ये भी पढ़िए- दिल्ली शराब घोटाला मामले में बड़ा अपडेट, अरविंद केजरीवाल-मनीष सिसोदिया ने भरा 50 हजार का बॉन्ड
दिल्ली पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने किया खुलासा
दिल्ली पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की है. बाद में वह पवन शेरावत के संपर्क में आया, जो नंदू गैंग का करीबी बताया जाता है. इसी के जरिए उसकी मुलाकात गैंगस्टर कपिल सांगवान और उसके साथी धर्मेंद्र राणा से हुई. पुलिस के अनुसार साल 2021 में नंदू गैंग के कहने पर उजवा गांव में दिनदहाड़े एक हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था. जिसमें गैंग के विरोधी मनोज की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इसके अलावा बिजवासन इलाके में रंगदारी के लिए फायरिंग की घटना में भी उसका नाम सामने आया था. दिल्ली और राजस्थान में आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस उससे आगे की पूछताछ कर रही है.