Skip to content

Delhi LPG Crisis: ‘बंद हुई LPG गैस की सप्लाई, आने वाले दिनों में…’, अरविंद केजरीवाल का बड़ा दावा

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने देश में एलपीजी आपूर्ति को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों को छोड़कर बाकी सभी कमर्शियल संस्थानों को LPG गैस की सप्लाई बंद कर दी गई है और फिलहाल केवल घरेलू उपयोग के लिए गैस दी जा रही है. केजरीवाल ने यह बयान तब दिया जब पेट्रोलियम मंत्रालय की एक पोस्ट को उन्होंने रिपोस्ट करते हुए इस पर टिप्पणी की.

मंत्रालय की पोस्ट के बाद केजरीवाल की प्रतिक्रिया

दरअसल, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने हाल ही में एक पोस्ट जारी कर बताया कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों और ईंधन आपूर्ति में बाधाओं के कारण LPG सप्लाई पर दबाव है. मंत्रालय ने ऑयल रिफाइनरियों को निर्देश दिए हैं कि वे LPG का उत्पादन बढ़ाएं और अतिरिक्त उत्पादन को घरेलू उपभोक्ताओं के लिए इस्तेमाल करें. इसी पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए केजरीवाल ने दावा किया कि देशभर में अधिकांश कमर्शियल संस्थानों के लिए LPG सप्लाई रोक दी गई है.

सरकार ने घरेलू आपूर्ति को दी प्राथमिकता

मंत्रालय के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं तक गैस की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कुछ कदम उठाए गए हैं. इसमें घरेलू LPG की सप्लाई को प्राथमिकता देने और कालाबाजारी या जमाखोरी रोकने के लिए 25 दिन का इंटर-बुकिंग पीरियड लागू करना शामिल है. सरकार ने यह भी कहा कि आयातित LPG से होने वाली नॉन-डोमेस्टिक सप्लाई को फिलहाल अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों जैसे जरूरी क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है.

अन्य कमर्शियल सेक्टर के लिए समिति का गठन

मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि होटल, रेस्टोरेंट और अन्य उद्योगों जैसे गैर-घरेलू क्षेत्रों को LPG सप्लाई के संबंध में आने वाली मांगों की समीक्षा के लिए ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के तीन एग्जीक्यूटिव डायरेक्टरों की एक समिति बनाई गई है. यह समिति विभिन्न सेक्टरों से आने वाले अनुरोधों पर विचार कर निर्णय लेगी. वहीं केजरीवाल ने अपने बयान में यह भी कहा कि आने वाले दिनों में गैस और तेल की स्थिति और खराब होने की आशंका है और इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए.

वहीं मनीष सिसोदिया ने एलपीजी पर कहा, “सिलेंडर महंगे हो रहे हैं, होटल के कारोबारियों को नुकसान हो रहा है, ये नरेंद्र मोदी जी का गिफ्ट है, नरेंद्र मोदी को बनाओगे तो यही झेलोगे, स्कूल के लिए आवाज उठाने वाले जेल जाएंगे, व्यापार बंद हो जाएगा और दुनिया भर में भारत की बेज्जती होगी.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *