Skip to content

Delhi Hottest Day: दिल्ली में टूटा मौसम का ट्रेंड! इस साल की सबसे गर्म सुबह दर्ज, सामान्य से 5.3 डिग्री ज्यादा तापमान

दिल्ली में 13 मार्च की सुबह ने इस साल के सारे रिकॉर्ड्स तोड़ दिए हैं क्योंकि इस सुबह को साल 2026 के सबसे गर्म सुबह के तौर पर दर्ज किया गया है. न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार मार्च के शुरुआती दिनों में ही राजधानी में गर्मी का असर तेजी से महसूस किया जा रहा है.

तापमान में असामान्य बढ़ोतरी

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह लोगों को सामान्य से ज्यादा गर्म मौसम का सामना करना पड़ा. मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया. विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि 15 मार्च के आसपास मौसम में बदलाव हो सकता है और हल्की बारिश की संभावना बन रही है. इससे तापमान में गिरावट आने और उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

अलग-अलग इलाकों में तापमान का हाल

मौसम विभाग के केन्द्रवार आंकड़ों के अनुसार राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया. पालम में न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है. लोधी रोड में 19.2 डिग्री सेल्सियस और रिज क्षेत्र में 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो क्रमशः सामान्य से 5.2 और 3.1 डिग्री अधिक है. वहीं अयानगर में न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक है.

वायु गुणवत्ता भी रही खराब

सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 200 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ‘समीर’ ऐप के अनुसार 18 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में रही, जबकि 26 केंद्रों पर यह ‘मध्यम’ दर्ज की गई. CPCB के मानकों के अनुसार 0 से 50 के बीच AQI ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *