Skip to content

Contaminated Milk Products: बाजार से वापस क्यों मंगाए जा रहे दूध और बाकी मिल्क प्रॉडक्ट्स, आखिर सेहत को इनसे क्या नुकसान?

Why Wawa Milk Products Were Recalled: अमेरिका के चार राज्यों में बिकने वाले Wawa ब्रांड के कुछ दूध उत्पादों को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है. अमेरिकी फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन  ने इस रिकॉल को आधिकारिक तौर पर “Class II” कैटेगरी में रखा है, जो यह दर्शाता है कि मामले में सावधानी बरतना जरूरी है, भले ही जोखिम बहुत गंभीर न हो. दरअसल, Wawa कंपनी ने फरवरी के मध्य में ही इन उत्पादों को एहतियातन बाजार से हटाने का फैसला लिया था. अब FDA ने इसकी समीक्षा करने के बाद इसे एक तय जोखिम स्तर दे दिया है. यह रिकॉल फिलहाल जारी है और इसकी समाप्ति की कोई तारीख घोषित नहीं की गई है.

कितने तरह के दूध को किया गया शामिल?

इस रिकॉल में चार तरह के 16 औंस के दूध उत्पाद शामिल हैं, इसमें डबल डच चॉकलेट मिल्क, चॉकलेट मिल्क, कुकीज एंड क्रीम मिल्क और 2 प्रतिशत रिड्यूस्ड फैट मिल्क शामिल हैं.  ये सभी उत्पाद पेंसिल्वेनिया, न्यू जर्सी, डेलावेयर और मैरीलैंड के कुछ चुनिंदा स्टोर्स में बेचे जा रहे थे और प्लास्टिक की बोतलों में पैक थे. कंपनी के मुताबिक, उत्पादन प्रक्रिया के दौरान फिलिंग लाइन में सॉफ्ट प्लास्टिक के छोटे टुकड़े होने की आशंका सामने आई थी. हालांकि अब तक किसी भी उत्पाद में ऐसे टुकड़े मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन ग्राहकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया. 

इसे भी पढ़ें – क्या है HPV वैक्सीन, कैसे आपके जीवन को देती है सुरक्षा? जानिए लगवाने की सबसे सही उम्र

कंपनी ने क्या कहा है इसको लेकर?

Wawa ने साफ किया है कि अब तक इन उत्पादों के सेवन से किसी के बीमार होने या चोट लगने की कोई पुष्टि नहीं हुई है. इसके बावजूद, संभावित खतरे, जैसे गले में फंसने को देखते हुए कंपनी ने सावधानी बरतना जरूरी समझा. कंपनी ने यह भी बताया कि 18 फरवरी 2026 तक प्रभावित स्टोर्स से इन सभी उत्पादों को हटा दिया गया था और उन्हें नष्ट कर दिया गया. इसके अलावा, इन चार राज्यों के बाहर किसी भी स्टोर में यह समस्या सामने नहीं आई है और अन्य Wawa प्रोडक्ट्स इससे प्रभावित नहीं हैं. FDA के रिकॉर्ड के अनुसार, इस रिकॉल को अलग-अलग नंबरों के तहत दर्ज किया गया है, लेकिन सभी एक ही इवेंट से जुड़े हैं. Wawa बेवरेज कंपनी, जो पेंसिल्वेनिया में स्थित है, ने इस रिकॉल को स्वेच्छा से शुरू किया था.

क्या होता है Class II का मतलब?

FDA के Class II रिकॉल का मतलब है कि इस प्रोडक्ट के इस्तेमाल से अस्थायी या हल्के स्वास्थ्य संबंधी असर हो सकते हैं, लेकिन गंभीर नुकसान की संभावना कम मानी जाती है. फिर भी, ऐसे मामलों में उपभोक्ताओं को सतर्क रहना जरूरी होता है. अगर किसी ने ये दूध उत्पाद खरीदे हैं, तो उन्हें सलाह दी गई है कि उनका सेवन न करें. बेहतर होगा कि उन्हें फेंक दें या कंपनी की कस्टमर सर्विस के जरिए रिफंड ले लें. यह कदम पूरी तरह से उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है.

इसे भी पढ़ें – Hair Extensions Side Effects: क्या हेयर एक्सटेंशन कराने से हो जाता है ब्रेस्ट कैंसर, जानें यह कितना खतरनाक?

Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *