उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर दौरे पर थे. यहां उन्होंने होली के मौके पर पांडेयहाता में श्री श्री होलिका दहन उत्सव समिति द्वारा आयोजित भक्त प्रह्लाद शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाई. इसके बाद शाम को CM योगी ने भक्त प्रह्लाद और होलिका की आरती उतारी, शोभायात्रा रवाना की और मौजूद लोगों के साथ फूलों की होली खेली.
इस दौरान अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2014 से पहले उत्तर प्रदेश में हर त्योहार से पहले कर्फ्यू लग जाता था, दंगे होते थे और अराजकता का माहौल रहता था. लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल गई है. सब चंगा है. हर जाति-धर्म के लोग एक साथ मिलकर होलिका दहन और त्योहार मना रहे हैं.
सीएम योगी ने क्या कुछ कहा?
- हिरण्यकश्यप, कंस और रावण जैसे दुष्टों के लिए भगवान नृसिंह और प्रभु श्रीराम को अवतार लेना पड़ता है.
- पहले जाति-धर्म के नाम पर वैमनस्यता फैलाई जाती थी, सरकारें लोगों को बांटती थीं.
- माफिया गिरी और अराजकता फैलाने वालों का अब नामोनिशान मिट गया है.
- आज सभी जाति-धर्म के लोग एक परिवार की तरह त्योहार मना रहे हैं.
- पांडेयहाता के इस होलिका दहन उत्सव में हर धर्म-जाति के लोग शामिल हुए, जो प्रदेश की एकता का प्रतीक है.
अब कहीं डर का माहौल नहीं- सीएम
CM योगी ने पिछली सरकारों खासकर सपा पर तंज कसते हुए कहा कि जहां पहले त्योहारों पर डर का माहौल होता था, वहीं अब शांति, सद्भाव और उत्साह की छटा है. उन्होंने लोगों से अपील की कि इसी तरह मिल-जुलकर रहें और प्रदेश को और मजबूत बनाएं. मुख्यमंत्री के साथ गोरखपुर सांसद रवि किशन और बड़ी संख्या में बीजेपी नेता और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
यहां बता दें कि इससे पहले सीएम योगी ने प्रदेश भर के अधिकारियों को होली का पर्व शांति और हर्षोल्लास से मन सके इसके लिए लिए विशेष निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि कहीं भी गड़बड़ न हो, ऐसे तत्वों को पहले ही हिदायत दी जाए. पुलिस अधिकारी लगातार इलाके में गश्त करेंगे.