मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने 15 मार्च को एक तरफ बुरहानपुर जिले के नेपानगर के लिए सौगातों का पिटारा खोला.उन्होंने नेपानगर की तकदीर बदलने के लिए कई घोषणाएं कीं. इन घोषणाओं से गरीब-युवा-अन्नदाता-नारी शक्ति का कल्याण होगा. इस मौके पर मुख्यमंत्री यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ भी की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है. उन्होंने विश्व में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया है. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में जनता मौजूद थी.
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुरहानपुर जिले के नेपानगर में आयोजित “जनजातीय सम्मेलन” में सहभागिता कर ₹363 करोड़ से अधिक की लागत के 127 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया. उन्होंने कहा कि नेपानगर अदभुद नगरी है. इसने जब-जब बीजेपी को विजय दिलाई, तब-तब उसे सरकार बनाने से कोई नहीं रोक सका. नेपानगर प्रकृति की गोद में बसा है. यहां चारों तरफ हरियाली है. यहां प्राकृति संपदा, भू संपदा, जल संपदा, मानव संपदा है. यहां के लोग भोले हैं. उनकी मुस्कान बता देती है कि नेपानगर आ गया है.
बुरहानपुर ने खेत से लेकर कारखाने तक अलग पहचान बनाई- सीएम
उन्होंने कहा कि बुरहानपुर एकमात्र ऐसी जगह है, जिसके कृषि क्षेत्र से लेकर कृषि उपकरण तक, खेत से लेकर कारखाने तक ने अपनी अलग पहचान बनाई है. यहां का अतीत भी गौरवशाली है. इसका इतिहास महाभारत कालीन है. महाभारत काल के बाद हमारे प्रथम गुरु गुरु नानक देव का इतिहास इसी जिले से जुड़ता है. महाराज शिवाजी ने भी अपनी शूर-वीरता, बहादुरी, बुद्धिमत्ता से इस क्षेत्र की अलग पहचान बनाई. यह दक्षिण का द्वार दक्षिण की काशी के बराबर है. यहां मां इच्छा देवी, मां मोती माता की कृपा से सारी मनोकानाएं पूर्ण होती हैं.
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि टेक्नोलॉजी के जमाने में कागज की आवश्यकता कम हो गई है. लेकिन, कागज उद्योग के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी. उद्योग तो चलने ही चाहिए. जब से हमारी सरकार बनी हैं, तब से हमने राज्य के युवाओं के लिए, उनकी जिंदगी बेहतर करने के लिए, प्रदेश में ही रोजगार देने की दिशा में कदम बढ़ाया है. यहां की आबादी को कहीं और जाकर रोजगार मांगने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
पीएम मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है देश- सीएम मोहन
सीएम मोहन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश कहां से कहां जा रहा है, लगातार आगे बढ़ रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक रूप से संपन्न हो रहा है. सबकी जिंदगी बेहतर हो रही है. मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि उस दिन भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रणनीति से जब भारत के बच्चे तिरंगा लेकर निकले तो दोनों देशों की सेनाओं ने हथियार नीचे कर दिए और हमारे बच्चे सुरक्षित भारत लौट आए. ये हैं हमारे देश के नेता और उसकी ताकत. यह है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व. जब-जब कोई संकट आया तो देश के लिए प्रधानमंत्री मोदी सबसे पहले खड़े हुए और देश का मान बढ़ाया.
युद्ध के माहौल में भी देश में कोई कष्ट नहीं- सीएम मोहन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एलपीजी और कमर्शियल गैस के मामले में आज पूरे देश में कोई कष्ट नहीं है. अगर कष्ट कहीं है, तो वहां है जहां कांग्रेसी जबरदस्ती आंदोलन कर रहे हैं. पूरा देश जानता है कि तेल और गैस के लिए किसी दूसरे पर निर्भर रहना पड़ता है, ऐसे माहौल में भी राहुल गांधी नादानी करने से बाज नहीं आए. ऐसे में भी राजनीति कर रहे हैं. लेकिन, मैं कहता हूं कि कोई बात नहीं, राहुल यही बोलते रहें और 50 साल तक सत्ता से बाहर रहें. ऐसा ही काम करते रहें. जनता सब जानती है.
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसान कल्याण वर्ष मना रही है. सरकार किसानों की बेहतरी के लिए कई तरह के काम कर रही है. आज भी मैं यहां के किसानों के बीच खाली हाथ नहीं आया हूं. यहां रोजगार के मंदिर के रूप में 30 फैक्ट्रियां स्थापित की जाएंगी. जब लाड़ली बहना योजना शुरू हुई थी तो कांग्रेसियों ने कहा था ये चुनावी मुद्दा है, बीजेपी इस योजना को संचालित नहीं करेगी. लेकिन, कांग्रेसियों देख लो हमने दो दिन पहले इस योजना की 34वीं किश्त 1.25 करोड़ बहनों के खातों में डाली है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेसी कहते हैं कि लाड़ली बहनों को पैसे मत दो, ये शराब पी जाती हैं. मैं यहां बहनों से कहता हूं कांग्रेसियों की इस बात का पक्का हिसाब रखना, अगले चुनाव में इनका हिसाब चुकता करना. इनको इनकी भाषा का जवाब मिल जाएगा. कांग्रेस ने तो फूटी कौड़ी बहनों को नहीं दी. माताएं-बहनें अपनी राशि से पूरा घर संभालती हैं. हमारी सरकार किसानों को भी किसान सम्मान निधि प्रदान कर रही है. बच्चों को किताबें और यूनिफॉर्म दे रहे हैं. हम स्कूल जाने के लिए बच्चों को साइकिल भी दे रहे हैं.
सबको आगे लेकर बढ़ रही हमारी सरकार- सीएम मोहन
सीएम मोहन ने कहा कि बच्चियों को स्कूटी और लैपटॉप भी दे रहे हैं. हम दूध उत्पादन भी बढ़ा रहे हैं. कांग्रेस के जमाने में तो पीने के पानी की व्यवस्था नहीं थी. हमारी सरकार ने जनता के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं. हमारी सरकार संवेदनशील है, सबको आगे लेकर बढ़ रही है. हमारी सरकार ने जान बचाने के लिए एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की है. 47 हजार करोड़ से ज्यादा का बजट हमारे आदिवासियों के लिए किया है. हमारी सरकार ने भगोरिया को राष्ट्रीय उत्सव बनाया. हमारे काम देख कर कांग्रेसी जनता को भड़का रहे हैं. वो रोते ही रहेंगे, लेकिन, हमारी सरकार सबकी चिंता कर रही है.
सीएम डॉ. यादव की प्रमुख घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस दौरान कई सौगातें देते हुए कहा कि नेपानगर के कॉलेज में एग्रीकल्चर विषय पढ़ाया जाएगा. डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार उत्थान बनाया जाएगा. धूलकोट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा, लोखंडिया से हसीनाबाद मार्क का चौड़ीकरण किया जाएगा, ग्राम दस घाट केर पानी मार्ग ताप्ती नदी पर उच्च स्तरीय पुल बनेगा, असीरगढ़ के किले को पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा. वन अधिकार के पट्टों को रजिस्ट्री में बदला जाएगा. इसमें लगने वाली 5 हजार करोड़ की राशि सरकार माफ करेगी. वनाधिकार के पट्टों का सर्वे होगा.