पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हैं. टीएमसी प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एलपीजी सिलेंडर की किल्लत का मुद्दा जोर शोर से उठा रही हैं. इस बीच समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने 2026 बंगाल चुनाव को लेकर ममता बनर्जी के समर्थन में उतर पड़े हैं. उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए ममता बनर्जी की जीत को लेकर उम्मीद जताई है. सपा प्रमुख ने कहा कि ममता बनर्जी अकेले भी लड़ेंगी तो जीत जाएंगी.
एक अकेली लड़ जाएगी, जीतेगी और बढ़ जाएगी- अखिलेश यादव
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, ”एक अकेली लड़ जाएगी, जीतेगी और बढ़ जाएगी.” सपा प्रमुख ने इस पोस्ट में एक फोटो भी शेयर किया है, इसमें ममता बनर्जी और उनके समर्थकों की तस्वीर है, जिसमें वो एलपीजी सिलेंडर की कमी का मुद्दा उठाते हुए विरोध मार्च निकाल रही हैं और बीजेपी का बहिष्कार करने की बात कह रही हैं.”
एक अकेली लड़ जाएगी
जीतेगी और बढ़ जाएगी! pic.twitter.com/2gVTzuNCvo— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) March 21, 2026
युद्ध कभी होना ही नहीं चाहिए- अखिलेश यादव
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और युद्ध जैसी हालातों के बीच SP प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार (21 मार्च) को मोदी सरकार की विदेश नीति पर तीखा हमला बोला. उन्होंने लखनऊ में मीडिया से बातचीत में कहा, ”समाजवादी विचारधारा हमेशा युद्ध के विरोध में रही है और शांति की पक्षधर है. पहले ही दिन मैंने कहा था कि समाजवादी पार्टी के लोग और जो लोग समाजवादी विचारधारा में विश्वास रखते हैं, वे कभी भी युद्ध के पक्ष में नहीं होते. युद्ध कभी होना ही नहीं चाहिए. एक देश के तौर पर, भारत ने वैश्विक नेता बनने का एक मौका गंवा दिया.
बीजेपी के लोग सिर्फ नफरत फैलाना चाहते- अखिलेश यादव
उन्होंने आगे कहा, ”अगर भारत ने कोई मजबूत रुख अपनाया होता, तो युद्ध से बचा जा सकता था. ईरान-इजरायल-अमेरिका जैसे संघर्ष में भारत सरकार ने अपना रुख स्पष्ट नहीं किया, जिससे देश की छवि प्रभावित हुई. बीजेपी के लोग कुछ भी नहीं जानते. वे सिर्फ नफरत फैलाना चाहते हैं और हर स्थिति का राजनीतिक फायदा उठाना चाहते हैं. जंग की वजह से अर्थव्यवस्था पर असर पड़ रहा है, महंगाई बढ़ रही है और विदेश नीति पूरी तरह फेल साबित हुई है.”