चंडीगढ़ के सेक्टर 9 में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां जिम के बाहर एक युवक को गोली मार दी गई. मृतक की पहचान चरणप्रीत सिंह के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, जब वह जिम से बाहर निकल रहा था, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद युवक को गंभीर हालत में चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
बताया जा रहा है कि मृतक प्रॉपर्टी डीलर का काम करता था. वहीं हमलावरों ने उस पर करीब 10 से 12 राउंड फायर किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक को पहले भी एक गैंग की तरफ से धमकियां मिल चुकी थीं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हमलावरों की तलाश की जा रही है.