विपक्षी दलों की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने का नोटिस संसद के दोनों सदनों में सौंप दिया गया है. इसे लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के संस्थापक और नागौर से सांसद हनुमान बेनीवाल ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि TMC जो सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लेकर आई है उस पर हमारी पार्टी ने भी साइन किया. सब लोग एक साथ हैं और चाहते हैं कि इनको पद से हटाया जाए.
राजस्थान में बहुत से नाम गलत तरीके से काटे गए-बेनीवाल
हनुमान बेनीवाल ने कहा, ”SIR को लेकर गड़बड़ियां पूरे देश में हुई हमारे राजस्थान में बहुत से नाम गलत तरीके से काटे गए. उसको लेकर सदन में हमने विरोध किया था.” विपक्ष के रवैये को लेकर लग रहे आरोपों पर उन्होंने कहा, ”मैं इंडिया अलायंस का ही हिस्सा हूं लेकिन विपक्ष को जिस तरीके से मुद्दे पर लड़ाई लड़नी चाहिए वो लड़ाई विपक्ष नहीं लड़ रहा है.”
#WATCH दिल्ली: INDIA ब्लॉक के सांसदों द्वारा संसद में CEC को हटाने की मांग वाले नोटिस सौंपे जाने पर RLP प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने कहा, “SIR को लेकर गड़बड़ियां पूरे देश में हुई हमारे राजस्थान में बहुत से नाम गलत तरीके से काटे गए। उसको लेकर सदन में हमने विरोध किया था। TMC जो… pic.twitter.com/GeONxrTtqt
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 13, 2026
विपक्ष अलग-अलग दिशाओं में लड़ाई लड़ रहा- हनुमान बेनीवाल
सांसद बेनीवाल ने आगे कहा, ”विपक्ष अलग-अलग दिशाओं में लड़ाई लड़ रहा है. देश की जनता पीएम मोदी के खिलाफ वोट करना चाहती है. लेकिन उनको लगता है कि उचित स्थान नहीं है. मोदी जी से देश के लोग नाराज हैं लेकिन वोट डाले कहां, इसलिए ऐसे हालात देश के अंदर बन रहे हैं.”
लोकसभा के 130 और राज्यसभा के 63 सांसदों के हस्ताक्षर
विपक्षीं दलों ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया को शुरू करने के लिए बड़ी संख्या में सांसदों का समर्थन जुटाया है. जानकारी के मुताबिक 193 विपक्षी सांसदों जिसमें लोकसभा के 130 और राज्यसभा के 63 सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं. विपक्षी दलों ने कई मौकों पर सीईसी पर सत्तारूढ़ बीजेपी की मदद करने का आरोप लगाया है. विपक्ष वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की कवायद को लेकर पिछले कुछ महीनों से उन पर लगातार निशाना साधता रहा है.