Skip to content

Borivali News: BJP नगरसेविका ने दुकान में की तोड़फोड़, मंदिर की मर्यादा भंग करने का आरोप, लोगों में आक्रोश

मुबंई के बोरीवली इलाके में बीजेपी नगरसेविका पर दुकान में तोड़फोड़ के आरोप लगे हैं. साथ ही उनके द्वारा मंदिर की मर्यादा भंग करने का भी आरोप है. इस घटना से इलाके में तनाव की स्थिति है. दरअसल बोरीवली वेस्ट के वार्ड नंबर 15 की बीजेपी नगरसेविका जिज्ञासा निकुंज शाह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे इलाके में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है.

इस वीडियो में नगरसेविका को एक निवासी की निजी दुकान में जबरन घुसकर वहां रखा सामान फेंकते हुए देखा जा सकता है. हैरान करने वाली बात यह है कि दुकान के अंदर मंदिर होने के बावजूद जिज्ञासा शाह और उनके सहयोगी चप्पल पहनकर ही अंदर दाखिल हो गए, जिसे लोग सनातन धर्म और धार्मिक मर्यादाओं का अपमान मान रहे हैं.

चश्मदीदों ने क्या बताया?

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने भी मौके पर यह स्पष्ट कर दिया था कि यह एक निजी संपत्ति (Private Property) है और वे इसके अंदर हस्तक्षेप नहीं करेंगे. इसके बावजूद, नगरसेविका ने कानून को हाथ में लेते हुए खुद दुकान के भीतर प्रवेश किया और सामान को सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया.

वायरल क्लिप में दिख रहा सत्ता का यह आक्रामक प्रदर्शन अब एक बड़ा विवाद बन चुका है. आरोप है कि पीड़ित के पास अपनी संपत्ति के स्पष्ट कानूनी अधिकार मौजूद हैं, फिर भी पिछले दो दिनों से उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है.

स्थानीय विधायक ने साधी मामले पर चुप्पी

जनता के गुस्से को बीजेपी विधायक संजय उपाध्याय की चुप्पी से और अधिक हवा मिल रही है, क्योंकि वीडियो सबूत सामने होने के बावजूद अब तक अपनी ही पार्टी की नगरसेविका पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है. वरिष्ठ नेतृत्व की इस टालमटोल को कई लोग कानून के शासन के बजाय ‘गुंडागर्दी’ को मौन समर्थन के रूप में देख रहे हैं. 

ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र धर्मांतरण कानून 2026 पर उद्धव गुट का समर्थन, CM फडणवीस बोले- ‘किसी एक धर्म के…’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *