बिहार में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर उम्मीदवारों की तस्वीर अब साफ हो गई है. चुनाव के लिए कुल 6 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है. इनमें एनडीए की ओर से 5 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि महागठबंधन की तरफ से एक प्रत्याशी उतारा गया है. नामांकन के साथ ही सभी उम्मीदवारों ने शपथ पत्र में अपनी चल और अचल संपत्ति का ब्योरा भी दिया है. इस जानकारी के सामने आने के बाद यह भी साफ हो गया है कि संपत्ति के मामले में कौन आगे है और किसके पास सबसे कम संपत्ति है.
राज्यसभा चुनाव के लिए एनडीए की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, रामनाथ ठाकुर, नितिन नवीन, शिवेश राम और उपेंद्र कुशवाहा ने नामांकन किया है. वहीं महागठबंधन की ओर से राजद प्रत्याशी एडी सिंह चुनावी मैदान में हैं. शपथ पत्र के जरिए सभी उम्मीदवारों ने अपनी संपत्ति, नकदी, वाहन और अन्य निवेश की जानकारी दी है.
सीएम नीतीश के पास सबसे कम संपत्ति
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की संपत्ति बाकी उम्मीदवारों के मुकाबले काफी कम बताई गई है. उनके शपथ पत्र के अनुसार उनके पास कुल 1.66 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति है. चल संपत्ति के रूप में उनके पास करीब 17.91 लाख रुपये हैं.
नकदी की बात करें तो उनके पास केवल 20 हजार 552 रुपये ही मौजूद हैं. आभूषण के तौर पर उनके पास 20 ग्राम की एक सोने की अंगूठी और एक मोती लगी चांदी की अंगूठी है, जिसकी कीमत करीब 2.37 लाख रुपये बताई गई है.
वाहनों में उनके पास एक इकोस्पोर्ट्स कार है, जिसे उन्होंने साल 2015 में करीब 11.32 लाख रुपये में खरीदा था. इसके अलावा दिल्ली के द्वारका इलाके में संसद कोऑपरेटिव का एक फ्लैट है, जिसे उन्होंने वर्ष 2004 में 13.78 लाख रुपये में खरीदा था.
रामनाथ ठाकुर के पास गहनों की बड़ी कीमत
जदयू के उम्मीदवार रामनाथ ठाकुर के पास नकदी के रूप में सवा लाख रुपये से अधिक राशि है. उनके तीन बैंक खातों में 56 लाख रुपये से ज्यादा जमा हैं. गहनों की बात करें तो उनके पास करीब डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक के सोने और चांदी के आभूषण हैं. वाहनों में उनके पास दो कारें हैं, जिनमें टोयोटा फॉर्च्यूनर और होंडा अमेज शामिल है.
नितिन नवीन के पास नहीं है खुद का घर
बीजेपी प्रत्याशी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने शपथ पत्र में बताया है कि उनके पास 55 हजार रुपये नकद हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास 35 हजार रुपये नकद हैं. दिलचस्प बात यह है कि उनके नाम पर कोई घर दर्ज नहीं है.
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा की कुल संपत्ति करीब 79.94 लाख रुपये बताई गई है. इसमें 44.94 लाख रुपये की चल संपत्ति और 35 लाख रुपये की अचल संपत्ति शामिल है. उनके पास कृषि और आवासीय जमीन भी है, जिसकी कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है. इसमें लगभग एक एकड़ 20 डिसमिल कृषि भूमि शामिल है.
एडी सिंह संपत्ति के मामले में सबसे आगे
राजद उम्मीदवार एडी सिंह संपत्ति के मामले में बाकी सभी प्रत्याशियों से काफी आगे हैं. उनके शपथ पत्र के अनुसार उनके पास कुल 206 करोड़ 98 लाख 93 हजार रुपये की चल संपत्ति है. उनके पास करीब 4.5 लाख रुपये नकद हैं, जबकि बैंक खातों में 26.68 करोड़ रुपये जमा हैं. इसके अलावा उनके पास 30.11 करोड़ रुपये के बॉन्ड और शेयर हैं.
पोस्ट ऑफिस के पीपीएफ खाते में करीब 93 लाख रुपये जमा हैं. अलग-अलग फर्म, कंपनियों और ट्रस्ट में उन्होंने लगभग 148.73 करोड़ रुपये निवेश कर रखा है. वाहन के रूप में उनके पास टोयोटा क्वालिस और हुंडई वेन्यू कार है.