बिहार के हजारों राजस्व कर्मचारी पिछले 11 फरवरी से अपनी 17 सूत्री मांग के लिए अनिश्चित कालीन हड़ताल पर है. कई बार बड़े अधिकारियों ने उन लोगों की मांग पर विचार करने का आश्वासन दिया, लेकिन अभी तक हड़ताल खत्म नहीं हुई है . अब बिहार के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि हमारी सहानुभूति को कमजोरी नहीं समझे. अगर वे लोग काम पर नहीं आते हैं तो हम लोग जल्द अस्थाई बहाली की प्रक्रिया करेंगे और उन लोगों के निलंबन का काम भी जल्द ही शुरू कर देंगे.
हड़ताली कर्मचारी जल्द काम पर नहीं लोटे तो कार्रवाई की जाएगी
राजस्व विभाग का पदभार ग्रहण किए हुए 100 दिन पूरे होने पर संवाददाता सम्मेलन करते हुए विजय सिन्हा हड़ताली कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द काम पर नहीं लौटे तो उनके खिलाफ करी कार्रवाई की जाएगी. जो लोग हड़ताल पर गए हैं वह जल्द काम पर लौटे नौकरी को सेवा के भाव से करें . सरकार का कामकाज प्रभावित होगा तो इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी तैयार कर ली है. उन्होंने कर्मचारियों को कहा है कि मैं अनुरोध कर रहा हूं हमारी भी उनके साथ सहानुभूति है क्योंकि वे लोग हमारे विभाग के हैं, लेकिन सहानुभूति को कमजोरी नहीं समझे .
हड़ताल के पीछे साजिश की आशंका जताई जाने पर उन्होंने कहा की साजिश करने वाले जो भूमाफिया है, वैसे लोग को आने वाले दिनों में अफसोस होगा. क्योंकि इससे हम प्रभावित नहीं होने वाले हैं. जो संकल्प एनडीए सरकार ने इतने बड़े जनादेश के साथ लिया है उस जनादेश का सम्मान करने के लिए जो भी कीमत अदा करनी पड़ेगी वह करेंगे. उन्होंने स्पष्ट कहा कि कर्मचारी अगर जल्द काम पर नहीं लौटते हैं तो सरकार सख्त कदम उठाएगी और अस्थाई स्थाई बहाली का रास्ता खुला कर देगी क्योंकि इंतजार की घड़ी अब समाप्त हो रही है. साथ ही हम हड़ताली कर्मचारियों का निलंबन भी जल्द करेंगे.
17 सूत्री मांगों को लेकर राजस्व कर्मचारी अनिश्चितकालीन तक हड़ताल पर
बता दें कि पूरे बिहार में 11 फरवरी 2026 से हजारों राजस्व कर्मचारी 17 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, जिससे अंचल कार्यालयों में दाखिल-खारिज, जाति, आय व निवास प्रमाण पत्र जैसे कार्य ठप हो गए हैं. यह आंदोलन ग्रेड पे बढ़ाने और समान वेतन की मांग को लेकर किया जा रहा है. राजस्व कर्मचारी 4200 ग्रेड पे, कार्य अवधि 8 घंटे करने और प्रोन्नति जैसी मांगों के लिए अड़े हैं. हड़ताल के कारण राज्य में चल रहा विशेष भूमि सर्वेक्षण और चकबंदी का काम पूरी तरह रुक गया है, जिससे किसानों को काफी परेशानी हो रही है.
पटना, भोजपुर सहित राज्य के सभी अंचलों में राजस्व कर्मचारियों के बाद अब अंचलाधिकारी (CO) भी हड़ताल में शामिल हो गए हैं, जिससे कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है. हलांकि 20 फरवरी को विजय सिन्हा के साथ वार्ता भी हुई थी लेकिन समाधान न निकलने पर कर्मचारी आंदोलन जारी रखे हुए हैं.