जेडीयू की ओर से राज्यसभा के लिए सीएम नीतीश कुमार के नाम का ऐलान होते ही बिहार की राजनीति में गजब का तूफान आ गया है. एक तरफ जहां जेडीयू इस फैसले से पूरी तरह खुश नहीं दिख रही है वहीं दूसरी ओर बीजेपी अब अपने पार्टी के सीएम की मांग करती दिख रही है. इन सब के बीच विपक्ष भी पूरी तरह से हमलावर है.
विकासशील इंसान पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी ने नीतीश कुमार को लेकर बीजेपी पर बड़ा हमला बोला और कहा कि बीजेपी नीतीश कुमार के नाम पर सत्ता में आई, लेकिन अब उन्हें राज्यसभा भेजकर बिहार की राजनीति से दूर करने की कोशिश की जा रही है.
नीतीश को लेकर बीजेपी पर निशाना
पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने प्रेस विज्ञप्ति बीजेपी पर निशाना साधा. सहनी ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने सत्ता पाने के लिए नीतीश कुमार के नाम का इस्तेमाल किया, लेकिन अब उन्हें किनारे करने की रणनीति बनाई जा रही है. सहनी ने इस पूरे घटनाक्रम पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार की जनता सब देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब भी देगी.
पप्पू सहनी एनकाउंटर पर उठाए सवाल
मुकेश सहनी ने मुजफ्फरपुर में हुए पप्पू सहनी एनकाउंटर को लेकर भी पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि यह फेक एनकाउंटर है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. सहनी ने सवाल उठाया कि अगर यह हत्या है तो आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा क्यों दर्ज नहीं किया गया. उन्होंने यह भी पूछा कि अब तक किसी की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई, मृतक के परिवार को मुआवजा क्यों नहीं मिला और परिवार के सदस्यों को नौकरी क्यों नहीं दी गई.
10 मार्च को मुजफ्फरपुर में प्रदर्शन की चेतावनी
सहनी ने घोषणा की कि इन सवालों को लेकर वीआईपी के कार्यकर्ता 10 मार्च को दोपहर 12 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेंगे. वहां पुलिस प्रशासन से जवाब मांगा जाएगा और एसपी से मुलाकात कर पूरे मामले पर स्पष्ट जवाब की मांग की जाएगी. सहनी ने कहा कि अगर पप्पू सहनी के पैर में गोली लगी थी तो उनका सही इलाज क्यों नहीं कराया गया. उन्होंने कहा कि निषाद समाज को अब दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सरकार को इस मामले में जवाब देना ही पड़ेगा.
संघर्ष जारी रखने का ऐलान
मुकेश सहनी ने कार्यकर्ताओं से मुजफ्फरपुर पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि यह लड़ाई न्याय की है और इसे मिलकर लड़ना होगा. उन्होंने कहा कि अभी उनकी उम्र 45 साल है और अगले 30 साल तक वे संघर्ष जारी रखेंगे. सहनी ने कहा कि बिहार में पिछड़ा और निषाद समाज अब जागरूक हो चुका है और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएगा. उन्होंने यह भी बताया कि 11 मार्च को मुजफ्फरपुर में अमर शहीद जुब्बा सहनी का शहादत दिवस भी मनाया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे.