एलपीजी संकट के बीच पटना के गर्दनीबाग के एक गैस एजेंसी के संचालक ने बीते गुरुवार (12 मार्च, 2026) को यह आरोप लगाया कि डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के यहां से एक एसडीओ चार-चार सिलेंडर उठा ले गया. इस खबर के सामने आने के बाद एक तरफ सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई तो अब दूसरी ओर सम्राट चौधरी के आप्त सचिव शैलेंद्र कुमार ओझा ने शुक्रवार (13 मार्च, 2026) को इस पर सफाई दी.
शैलेंद्र कुमार ओझा ने गैस एजेंसी के गोदाम से एलपीजी सिलेंडर मंगवाने से जुड़े आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और भ्रामक बताया. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही इस तरह की खबरें निराधार हैं.
‘उपमुख्यमंत्री कार्यालय में एसडीओ का पद नहीं’
शैलेंद्र कुमार ओझा ने स्पष्ट कहा, “उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यालय में एसडीओ का कोई पद नहीं है. ऐसे में यह दावा कि कार्यालय में कार्यरत एसडीओ ने गैस एजेंसी के गोदाम से एलपीजी सिलेंडर मंगवाया या आपूर्ति के लिए दबाव बनाया, पूरी तरह झूठी और भ्रामक है.”
यह भी पढ़ें- Bihar LPG Crisis: एजेंसी संचालकों को पटना DM का सख्त आदेश, ‘ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो रही तो…’
‘किसी भी कर्मी ने नहीं मंगवाया एलपीजी सिलेंडर’
इस पूरे मामले में आप्त सचिव का कहना है कि बिना तथ्य के इस तरह की खबरें फैलाना गलत है और इससे भ्रम की स्थिति पैदा होती है. उन्होंने साफ स्पष्ट किया कि उपमुख्यमंत्री कार्यालय में कार्यरत किसी भी कर्मी ने किसी भी गैस एजेंसी से एलपीजी सिलेंडर नहीं मंगवाया है.
सोशल मीडिया पर चल रही ऐसी खबरों को लेकर आप्त सचिव ने कहा कि इस मामले की जांच कराई जाएगी ताकि सच्चाई सामने आ सके और अफवाह फैलाने वालों की पहचान हो सके. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे अपुष्ट और भ्रामक खबरों पर भरोसा न करें.
बता दें कि शुक्रवार को ही पटना के डीएम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि सिलेंडर की कहीं दिक्कत नहीं है. उन्होंने यह भी निर्देश दिया है कि अगर ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो रही है तो ऑफलाइन बुकिंग एजेंसी की ओर से की जाएगी.
यह भी पढ़ें- LPG Crisis: पटना में गजब हुआ! गैस एजेंसी संचालक का बड़ा आरोप, ‘सम्राट चौधरी के यहां से…’