भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी क्षेत्र के कालिरड़िया गांव में गौशाला निर्माण को लेकर दो समुदायों के बीच तनाव हो गया. दोनों पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट तक पहुंच गया. इस दौरान लाठी, डंडे और पत्थरों से हुई झड़प में करीब 7 से 8 लोग घायल हो गए.
घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे इलाज के लिए भीलवाड़ा रेफर किया गया है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
गौशाला निर्माण के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार बड़लियास थाना क्षेत्र के आमा ग्राम पंचायत के कालिरड़िया गांव में गौशाला का निर्माण कराया जा रहा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर दो समुदायों के लोगों के बीच विवाद हो गया.
पहले दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों तरफ से लाठी-डंडे और पत्थर चलने लगे. अचानक हुई इस झड़प से गांव में अफरा-तफरी मच गई.
मारपीट में कई लोग घायल
झड़प के दौरान दोनों पक्षों के करीब 7 से 8 लोग घायल हो गए. घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. वहीं एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए भीलवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया है. पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है.
मौके पर पहुंचा पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बड़लियास थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. हालात को देखते हुए आसपास के थानों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन और मांडलगढ़ पुलिस उपाधीक्षक बाबूलाल बिश्नोई भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर माहौल शांत कराने की कोशिश की.
फिलहाल कालिरड़िया गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस का जाब्ता तैनात कर दिया गया है. पुलिस का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर गांव में निगरानी रखी जा रही है. अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.