राजस्थान के भरतपुर जिले में आज होली की जबरदस्त धमाल मची हुई है. बच्चे, जवान, महिला और पुरुष सभी होली की मस्ती में सराबोर नजर आए. सुबह होते ही लोग गुलाल की थैलियां लेकर घरों से बाहर निकल आए और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं देते हुए दिखे.
जगह-जगह मस्तानों की टोलियां अपने अलग-अलग निराले अंदाज में होली मनाती दिखाई दीं. हर मोहल्ला और हर गांव में उल्लास का माहौल देखने को मिला. सरकारी कर्मचारी भी इस होलिकोत्सव भी शामिल होते नजर आये.
कलेक्टर निवास पर भी छाई होली की मस्ती
जिला कलेक्टर निवास पर भी लोग जमकर गुलाल लगाकर होली खेलते नजर आए. इस मौके पर जिला कलेक्टर कमर चौधरी ने कहा कि भरतपुर की जनता के बीच होली खेलकर वे खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि उनका प्रयास सभी के साथ भाईचारा बनाते हुए भरतपुर का समुचित विकास कराना है. कलेक्टर ने भरतपुर वासियों से अपील की कि सभी होली का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्वक मनाएं.
चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात, हुड़दंगियों पर विशेष नजर
होली को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात नजर आए. घुड़सवार पुलिस के अलावा आरएसी और कई पुलिस थानों का जाब्ता मुस्तैदी के साथ तैनात दिखाई दिया. एसपी दिगंत आनंद ने सुरक्षा को लेकर बेहद गंभीरता बरती है और खासकर शराबियों और हुड़दंगियों पर विशेष नजर रखी जा रही है. पुलिस के जवान और अधिकारी पूरी मुस्तैदी के साथ सुरक्षा व्यवस्था में तैनात हैं.
कल पुलिस लाइन में होगी पुलिस की होली
कल पुलिस लाइन में पुलिस की होली खेली जाएगी जिसमें पुलिस के जवान और अधिकारी एकसाथ होली खेलकर भाईचारे के इस त्योहार को मनाएंगे. भरतपुर में होली का यह उत्सव एक बार फिर सामाजिक एकता और आपसी प्रेम का प्रतीक बनकर उभरा है जहां हर वर्ग के लोग रंगों की मस्ती में एकसाथ डूबे नजर आए.