Skip to content

Bhadohi News: रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला, दादा ने 5 साल की पोती के साथ किया घिनौना काम

उत्तर प्रदेश के भदोही जनपद में एक दिल दहला देने वाला और रिश्तों को तार-तार कर देने वाला मामला सामने आया है. 55 वर्षीय आरोपी रफीक अंसारी ने अपनी ही 5 साल की पोती के साथ जघन्य अपराध करने का प्रयास किया. माता-पिता ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया. पीड़िता के पिता ने स्वयं अपने पिता के खिलाफ थाने में तहरीर दी. पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

घटना सोमवार भोर की है जब घर के अन्य सदस्य मौजूद नहीं थे. आरोपी ने मासूम को अकेला पाकर जबरदस्ती और अश्लील हरकतें शुरू कर दीं. बच्ची के शोर मचाने पर परिजन कमरे में पहुंचे और आरोपी को घिनौने कृत्य का प्रयास करते रंगे हाथ पकड़ लिया. बताया जाता है कि आरोपी पहले भी बच्ची के साथ अश्लील हरकतें कर चुका था और किसी को न बताने की धमकी देता था. इस बार पोती के चिल्लाने पर पूरा मामला प्रकाश में आया.

सगे बेटे ने खुद दर्ज कराई FIR, सख्त से सख्त सजा की मांग

रिश्तों की मर्यादा को ताक पर रखने वाले इस कृत्य के खिलाफ पीड़िता के माता-पिता ने स्वयं थाने जाकर आरोपी के विरुद्ध तहरीर दी. पिता ने अपनी शिकायत में आरोपी के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग की है. पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

SP बोले- जल्द दाखिल होगी चार्जशीट

भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(2) और POCSO एक्ट की धारा 5m/6 के तहत गंभीर मामला दर्ज किया गया है. SP ने स्पष्ट किया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और साक्ष्यों के आधार पर जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल कर कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *