Skip to content

Basti News: होली से पहले अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 350 लीटर लहन नष्ट, महिला माफिया गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में होली और त्योहारों के मौके पर अवैध शराब पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आबकारी और जिला पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया. टीम ने थाना मुंडेरवा क्षेत्र में छापेमारी में भारी मात्रा में अवैध कच्ची शराब का भंडारण नष्ट किया और शराब बनाने की भट्टियों को भी नष्ट किया. इस कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मचा रहा.

इस दौरान एक महिला जो इस पूरे खेल की मास्टरमाइंड है उसे भी गिरफ्तार किया है. आबकारी अधिकारियों ने लोगों से होली पर निर्धारित दुकानों से ही शराब खरीदने की अपील की है. इसके अलावा अभी ये ऑपरेशन आगे कई दिनों तक जारी रहेगा.

350 लीटर लहन नष्ट कराया

संयुक्त टीम ने मुण्डेरवा क्षेत्र के मोहल्ला करवल कॉलोनी में अचानक छापेमारी की. अधिकारियों की गाड़ियों का काफिला देख अवैध शराब के कारोबारियों में हड़कंप मच गया. टीम में क्षेत्राधिकारी रूधौली कुलदीप सिंह यादव और थानाध्यक्ष मुण्डेरवा प्रदीप कुमार सिंह मय फोर्स शामिल रहे. सघन तलाशी अभियान के दौरान टीम ने मौके से लगभग 350 लीटर लहन बरामद किया, जिसे पुलिस ने विधिक प्रक्रिया के तहत मौके पर ही नष्ट कर दिया.

इसके साथ ही दबिश के दौरान 15 लीटर तैयार अवैध कच्ची शराब और शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाले विभिन्न उपकरणों को जब्त किया गया. पुलिस ने मौके से शराब माफिया शांति देवी को गिरफ्तार किया है. जिसके खिलाफ थाना मुण्डेरवा में आबकारी अधिनियम और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है.

लगतार जारी रहेगी कार्रवाई

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली के त्यौहार के दृष्टिगत यह अभियान पूरे जिले में निरंतर जारी रहेगा. किसी भी क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण या बिक्री की सूचना मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

सरयू नदी के किनारे पकड़ा तस्कर

वही छावनी थाना क्षेत्र के माझा इलाके में भी आबकारी विभाग की टीम ने बड़ी कार्यवाही की, बाइक से एक बोरे में कच्ची शराब लेकर जा रहे तस्कर को मौके से रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया, वही सरयू नदी के किनारे सैंकड़ों लीटर कच्ची शराब बनाने के लिए छिपा कर रखे गए लहन को भी नष्ट कर दिया गया है. जिला आबकारी अधिकारी राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि होली को लेकर विभाग सक्रिय है, और कच्ची शराब के अड्डों पर छापेमारी कर माफियाओं को गिरफ्तार किया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *