उत्तरप्रदेश के बस्ती जिले में रफ्तार का जुनून दो परिवारों के लिए मातम लेकर आया. दुबौलिया थाना क्षेत्र के चिलमा बाजार स्थित राम जानकी मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइकों के लोहे के पुर्जे तक सड़क पर बिखर गए.
जानकारी के अनुसार राम जानकी मार्ग पर दो बाइकें विपरीत दिशाओं से तेज रफ्तार में आ रही थीं. चिलमा बाजार के पास पहुंचते ही दोनों चालक नियंत्रण नहीं रख पाए और बाइकें सीधे एक-दूसरे से टकरा गईं. टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के ग्रामीण और दुकानदार सहम गए और तुरंत मौके की ओर दौड़े. सड़क पर चारों तरफ मलबे और खून को देखकर लोगों के होश उड़ गए. दो युवक लहूलुहान होकर बेसुध पड़े थे जबकि तीसरा घायल मदद के लिए कराह रहा था.
दो की मौत, एक जिला अस्पताल रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही दुबौलिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. ग्रामीणों की मदद से तीनों को तत्काल पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया. तीसरे घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है जहां उसकी हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है.
शव पोस्टमार्टम को भेजे, परिजनों में कोहराम
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतकों की पहचान सुनिश्चित कर परिजनों को सूचना दी जा रही है. हादसे की खबर जैसे ही गांव पहुंची वहां कोहराम मच गया और परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है. क्षतिग्रस्त बाइकें सड़क से हटाकर थाने लाई गई हैं और मामले की जांच जारी है.
राम जानकी मार्ग पर आए दिन होती हैं दुर्घटनाएं
स्थानीय निवासियों का कहना है कि राम जानकी मार्ग पर तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. चिलमा बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके के पास वाहनों की अनियंत्रित गति अक्सर जानलेवा साबित होती है. लोगों की मांग है कि इस मार्ग पर यातायात नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि आगे ऐसी दुर्घटनाएं न हों.