Skip to content

Basti News: घर में घुसकर नाबालिग की हत्या करने वाले का हाफ एनकाउंटर, नदी के रास्ते भागने फिराक में था आरोपी

उत्तर प्रदेश के बस्ती में घर में घुसकर लड़की की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी मनदीप को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ़्तार कर लिया है. शुक्रवार की सुबह आरोपी सरयू नदी पार कर अंबेडकर नगर भागने की फिराक में था, जिसके बाद पुलिस ने उसे घेर लिया. इस मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी है. वहीं एक हेड कांस्टेबल मौत के मुंह से बाल-बाल बचा. 

बस्ती के कलावरी थाना क्षेत्र में बीते दिनों 12वीं की मेधावी छात्रा अनुष्का की घर में घुसकर उस वक्त हत्या कर दी गई थी जब वो बरामदे में सो रही थी, आरोपी ने उसके सिर में एक गोली मारी और दूसरी गोली सीने पर मारी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. यहीं नहीं उसने एक फायर मृतका की मां पर भी किया लेकिन, गोली मिस फायर हो गई और वो बच गईं. 

सरयू नदी से भागने की फिराक में था आरोपी

इस वारदात के बाद से ही पुलिस को आरोपी मनदीप की तलाश थी. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कलवारी पुलिस, एसओजी और स्वाट की टीमें लगातार उसकी लोकेशन ट्रैक कर रही थी. शुक्रवार तड़के मुखबिर से सूचना मिली कि मनदीप कलवारी थाना क्षेत्र के मांझा इलाके में छिपा है और नाव के जरिए सरयू नदी पार कर सुरक्षित ठिकाने की तलाश में है. 

सूचना मिलते ही पुलिस की संयुक्त टीमों ने पूरे मांझा क्षेत्र की कड़े घेरे में ले लिया. पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख आरोपी मनदीप ने झाड़ियों की ओट लेकर पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. मुठभेड़ के दौरान अपराधी मनदीप ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर गोलियां दागीं. एक गोली हेड कांस्टेबल रविंदर सिंह की बाजू को छूते हुए निकल गई, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई. 

पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली

पुलिस टीम ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा लेकिन जब उसने फायरिंग नहीं रोकी तो पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की. इस मुठभेड़ में मनदीप के पैर में एक गोली लग गई. जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ़्तार कर लिया. पुलिस को आरोपी के पास से एक एक अवैध तमंचा, कई खोखे और जिंदा कारतूस बरामद हुए है. 

पुलिस ने घायल मनदीप को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. एडिशनल एसपी श्यामा कांत ने कहा कि आरोपी की स्थिति अब खतरे से बाहर है. अस्पताल से छुट्टी मिलते ही उसे कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस उसकी रिमांड की मांग कर सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *