Skip to content

Barabanki News: क्या बाराबंकी में हो रही पेट्रोल-डीजल की कमी? परेशानी की बात नहीं, प्रशासन ने कर दिया क्लियर

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को प्रशासन ने भ्रामक बताया है. जिला मजिस्ट्रेट शशांक त्रिपाठी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर इन खबरों को पूरी तरह गलत और अफवाह बताया.

जिलाधिकारी ने अपने संदेश में कहा कि जनपद में पेट्रोल व डीजल की कमी होने संबंधी सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही खबरें पूरी तरह भ्रामक एवं निराधार हैं. जनपद के सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है. आमजन से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें आगे प्रसारित करें.

भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई- जिलाधिकारी

जिला मजिस्ट्रेट शशांक त्रिपाठी ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. भ्रामक सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्यवाही की जाएगी.

हालांकि जिलाधिकारी के इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं. कई लोगों ने प्रशासन के दावे पर सवाल उठाए. अखिलेश कुमार सिंह नाम के एक यूजर ने लिखा कि पेट्रोल और डीजल की कमी से जुड़ी खबरें भ्रामक नहीं हैं. उनका कहना है कि जब लोग पेट्रोल पंप पर ईंधन लेने जाते हैं, तो कई जगह पंप संचालक पेट्रोल और डीजल उपलब्ध न होने की बात कह रहे हैं.

जिले में ईंधन की आपूर्ति सामान्य है- जिलाधिकारी

वहीं प्रताप जायसवाल नाम के एक अन्य यूजर ने लिखा कि अगर कोई झूठी खबर फैला रहा है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए. इसके अलावा दिनेश कुमार नाम के यूजर ने टिप्पणी करते हुए लिखा कि सभी लोग मिलकर झूठ बोलें तो भी झूठ सच नहीं हो जाता. फिलहाल प्रशासन का कहना है कि जिले में ईंधन की आपूर्ति सामान्य है, जबकि सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस जारी है.

ये भी पढ़िए- नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर अखिलेश यादव की तीखी प्रतिक्रिया, कहा- भाजपा ने फिरौती में पूरा बिहार मांग लिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *