Skip to content

Amroha News: जूस के पैसे मांगना पड़ा भारी? दरोगा ने ठेले वाले के नारियल गाड़ी में भरवाए, हुआ ये एक्शन

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जनपद में हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में एक दरोगा पर गरीब ठेले वाले के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगने से मामला तूल पकड़ता जा रहा है. आरोप है कि दरोगा ईशम सिंह से जूस के पैसे मांगने पर उन्होंने ठेले वाले के नारियल अपनी गाड़ी में भरवा लिए. इस पूरे घटनाक्रम का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिस की गाड़ी में एक होमगार्ड नारियल रखते हुए दिखाई दे रहा है.

बताया जा रहा है कि जब इस मामले में होमगार्ड से बातचीत की गई तो उसने कहा कि दरोगा के कहने पर ही नारियल गाड़ी में रखवाए गए थे. इस मामले का वीडियो वायरल होने के बाद दरोगा को लाइन हाजिर करने की बात कही जा रही है, लेकिन अभी कोई अधिकारिक बयान इस घटना अपर नहीं मिला है.

घटना को लेकर व्यापरियों में आक्रोश

घटना की जानकारी मिलने पर व्यापारी नेता मुकेश गुप्ता मौके पर पहुंचे और गरीब ठेले वाले के समर्थन में आवाज उठाई. उन्होंने कहा कि उन्होंने पहली बार ऐसा देखा है कि एक पुलिसकर्मी ने गरीब ठेले वाले के साथ इस तरह का व्यवहार किया हो. मुकेश गुप्ता ने चेतावनी देते हुए कहा कि छोटे व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अगर इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी संगठन बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा.

वीडियो को लेकर चर्चाएं जोरों पर

फिलहाल इस पूरे मामले में आरोपी दरोगा या पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. लोग पुलिस की इस हरकत की तीखी आलोचना कर रहे हैं. उनके मुताबिक वर्दी में अधिकारी और कर्मचारी अगर गरीब व्यक्ति के साथ इस तरह की हरकत करेंगे तो कानून का पालन कौन करेगा. इस मामले सख्त कार्रवाई की भी मांग की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *