Skip to content

Amethi News: महिला की मौत पर सस्पेंस, 10 दिन बाद कब्र से निकाला गया शव, हत्या की आशंका पर पोस्टमार्टम

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले की तिलोई तहसील क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई महिला की मौत के मामले  में सस्पेंस बना हुआ है. जिलाधिकारी के आदेश पर मंगलवार (17 मार्च) को मौत के करीब 10 दिन बाद कब्र खोदकर महिला का शव बाहर निकाला गया. महिला के शव को हत्या की आशंका के बीच पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. इस दौरान नायब तहसीलदार व पुलिस टीम की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया कराई गई.

पुलिस ने मामले पर क्या कहा?

अमेठी के मोहनगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह का कहना है कि पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.

भाई ने जताई हत्या की आशंका

मृतका के भाई इम्तियाज अहमद ने हत्या की आशंका जताते हुए जिलाधिकारी अमेठी संजय चौहान को प्रार्थना पत्र देकर शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी. इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और डीएम के निर्देश पर मंगलवार को नायब तहसीलदार तिलोई अमीषा पटेल एवं मोहनगंज थाना प्रभारी राकेश सिंह की मौजूदगी में कब्र खोदकर शव बाहर निकाला गया.

मायके वालों ने लगाया आरोप

परिजनों के अनुसार रुकसाना पिछले कई वर्षों से बीमार चल रही थी और उनका इलाज भी कराया जा रहा था. बताया जा रहा है कि 7 और 8 मार्च की रात उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. आरोप है कि ससुराल पक्ष ने बिना मायके वालों को सूचना दिए जल्दबाजी में शव को घर के सामने स्थित बाग में दफना दिया.

15 साल पहले हुई थी महिला की शादी

मामला शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के पूरे हिरई मजरे खरगपुर गांव निवासी रुकसाना से जुड़ा है, जिनका विवाह करीब 15 वर्ष पूर्व मोहनगंज थाना क्षेत्र के शुक्लापुर गांव निवासी अकील के साथ हुआ था. इस दंपत्ति की एक 10 वर्षीय पुत्री भी है. 

ये भी पढ़ें: Ghaziabad News: गाजियाबाद जासूसी कांड, रेलवे स्टेशन, मार्केट और बस टर्मिनल पर लगाए गए थे हाईटेक CCTV कैमरे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *