Skip to content

Amethi News: पति ही निकला पत्नी का कातिल, 24 घंटे में मर्डर का खुलासा, हत्या की वजह कर देगी हैरान

उत्तर प्रदेश एक अमेठी जनपद में गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र में सोमवार (16 मार्च) को एक विवाहिता रेखा की बेरहमी से हत्या कर दी गयी थी. पुलिस ने इस हत्याकांड का 24 घंटे में (मंगलवार 17 मार्च) खुलासा करते हुए महिला के पति मंशाराम को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त मोटर साइकिल और डंडा भी बरामद कर लिया है. हत्या की वजह पति के किसी अन्य महिला से संबंध व पत्नी के चरित्र पर शक बताया जा रहा है.

इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी थी. पुलिस ने सर्विलांस और वाहन चेकिंग के दौरान पति की बाइक का चालान कटने में उसका नंबर आ गया. जिसके बाद पूछताछ में उसने सच क़ुबूल कर लिया. फिलहाल आरोपी को जेल भेजने के साथ अग्रिम कार्रवाई जारी है.

क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के मुताबिक, गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरे डींगुर मजरे सराय हृदयशाह (डूंगरपुर) गांव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब 27 वर्षीय रेखा का शव गांव से करीब 150 मीटर दूर गेहूं के खेत में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला. सोमवार सुबह शौच के लिए गए ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई.

जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरू कर दी थी. मृतका रेखा होली के अवसर पर अपने ससुराल से मायके आई हुई थी. 15 मार्च की शाम वह शौच के लिए घर से निकली थी. लेकिन वापस नहीं लौटी. अगले दिन उसका शव खेत में मिलने से परिवार में कोहराम मच गया.

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. जबकि पुलिस अधीक्षक सरवणन टी.ने घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की चार टीमों का गठन तत्काल प्रभाव से कर दिया और सभी टीमें कम पर लग गई.

24 घंटे में हुआ सनसनीखेज खुलासा-अवैध संबंध बने वजह

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीमों ने तेजी से जांच करते हुए साक्ष्य संकलन के आधार पर मृतका के पति मंशाराम को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर लिए. पुलिस के मुताबिक, आरोपी का एक अन्य युवती से संबंध था, जिसका उसकी पत्नी विरोध करती थी. साथ ही आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर भी शक था. इसी कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था, जिसने इस जघन्य वारदात को जन्म दिया.

पत्नी को खेत पर बुलाया था

आरोपी ने पहले से योजना बनाकर 15 मार्च की रात पत्नी को फोन कर खेत में बुलाया. वहां विवाद के दौरान उसने डंडे से सिर पर कई वार कर उसकी हत्या करते हुए मौके से फरार हो गया. वारदात के बाद आरोपी ने हत्या में प्रयुक्त डंडा छिपा दिया और मृतका का मोबाइल व सिम ईंट भट्ठे में जलाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया.

ऑपरेशन चक्रव्यूह बना अहम सुराग

घटना के बाद आरोपी जब मोटरसाइकिल से वापस जा रहा था, उसी दौरान पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत उसकी बाइक का चालान किया गया था. यही साक्ष्य बाद में जांच में महत्वपूर्ण कड़ी साबित हुआ. लकड़ी का डंडा (आलाकत्ल) मोटरसाइकिल संख्या यूपी 44 एई 9017 बरामद हुआ है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दिया है. इस सफलता में थाना गौरीगंज पुलिस, स्वाट व सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *