उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद के फुरसतगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत निगोहा गांव के पास सोमवार शाम बांदा–टांडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय चीखपुकार मच गयी, जब दो बाइकें अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराईं. जिसमें सवार 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें एक बच्ची समेत तीन क अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गयी, जबकि चार अभी घायल हैं. परिजनों में कोहराम मच गया है.
स्थानीय लोगों और मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव शुरू किया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, जबकि पूरे हादसे की जांच की जा रही है. हादसे के बाद लोगों ने हाइवे पर वाहनों के इस तरह खड़े होने पर नाराजगी जताई है.
खड़े ट्रक में पीछे से टकराईं दो बाइक
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीमेंट लादकर सड़क किनारे खड़ा ट्रक संख्या यूपी 36 टी 1485 के पीछे दो बाइक टकरा गईं. बताया जा रहा है कि जायस की ओर से रायबरेली की तरफ जा रही दो बाइकों पर कुल सात लोग सवार थे. एक बाइक पर तीन लोग बैठे थे जबकि दूसरी बाइक पर एक बच्चे सहित चार लोग सवार थे. बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन से बचने के प्रयास में दोनों बाइक सवार नियंत्रण खो बैठे और सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गए. घटना के समय दोनों बाइकें सड़क पर साथ-साथ चल रही थीं, जिससे सभी सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
अस्पताल पहुंचते ही तीन को मृत घोषित किया
स्थानीय लोगों की सूचना पर सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुरसतगंज पहुंचाया गया. जहां डॉक्टरों ने दिशा (6) पुत्री अतुल निवासी इंदु का पुरवा गांधीनगर थाना जायस, अतुल (38) पुत्र विनोद कुमार निवासी इंदु का पुरवा गांधीनगर थाना जायस तथा हीरालाल (45) पुत्र सतीदीन निवासी फरीदपुर परवर थाना जायस को मृत घोषित कर दिया.
चार घायल, तीन को जिला अस्पताल रेफर
हादसे में घायल रानी (30) पत्नी अतुल निवासी इंदु का पुरवा गांधीनगर थाना जायस, शिवानी (18) पुत्री सत्यनारायण निवासी ओदारी चौराहा थाना जायस तथा पल्लवी (16) पुत्री हीरालाल निवासी फरीदपुर परवर थाना जायस की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया गया. वहीं माही (12) पुत्री जीवनलाल निवासी संदीराम थाना मिल एरिया जनपद रायबरेली का इलाज सीएचसी फुरसतगंज में चल रहा है.
सभी मृतक और घायल आपस में रिश्तेदार
मौके पर पहुंचे घायल शिवानी के पिता सत्यनारायण ने बताया कि दुर्घटना में शामिल सभी लोग आपस में रिश्तेदार हैं. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी अपने मायके ओदारी चौराहा आई हुई थी और वह अपने परिवार के साथ वापस ससुराल जा रही थी. इस दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया. घटना में उनकी नातिन माही भी घायल हुई है. तीनों मृतक और चारों घायल एक ही परिवार और रिश्तेदारी से जुड़े हुए हैं. हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और परिवार में कोहराम मच गया.
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही फुरसतगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. प्रभारी निरीक्षक नंदहौशिला यादव ने बताया कि हादसे में एक बच्ची सहित तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि चार लोग घायल हैं. घटना की जानकारी मिलते ही तिलोई के पुलिस क्षेत्राधिकारी दिनेश कुमार मिश्र भी मौके पर पहुंच गए. उन्होंने बताया कि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर सड़क पर आवागमन बहाल कराया दिया गया है . पुलिस मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की तैयारी में जुटी हुई है.