अहमदाबाद के रानीप में बेहद ही शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां 17 साल की लड़की ने कथित तौर पर एक 14 साल की किशोरी को अपनी बातों में फंसाया और नए साल की पार्टी के बहाने माउंट आबू ले गई. इसके बाद वहां 14 साल की किशोरी को नशीला पदार्थ देकर उसके साथ यौन उत्पीड़न किया गया.
नशे की हालत में उसकी बीना जानकारी के उसका वीडियो भी बना लिया गया था. इस घटना की जानकारी किशोरी को तब चल जब महीनों बाद उसका वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा. इसके बाद किशोरी ने शुक्रवार (13 मार्च) को रानीप पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
आरोपी और किशोरी इंस्टाग्राम पर एक साल से थे दोस्त
सहायक पुलिस आयुक्त (SC/ST सेल) रोशनी सोलंकी ने बताया कि पुलिस ने मामले में कलोल के एक 26 साल के व्यक्ति को कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया है. वहीं पुलिस ने साजिश में शामिल 14 साल किशोरी को निगरानी में रखा है. मामले में आरोपी ने बताया कि उसकी दोस्ती उस 14 साल की किशोरी से करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी और तब से वे दोनों नियमित संपर्क में थे.
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक 30 दिसंबर 2025 को पीड़िता के पास एक फोन आया, जिसमें उसे माउंट आबू में आयोजित न्यू ईयर ईव पार्टी में शामिल होने के लिए बुलाया जा रहा था. पीड़िता ने यह निमंत्रण स्वीकार किया और वे अहमदाबाद से कलोल पहुंची, जहां उसकी मुलाकात नाबालिग लड़की और एक व्यक्ति से हुई. इसके बाद तीनों उसी रात ट्रेन से माउंट आबू के लिए रवाना हुए. वे तीनों 31 दिसंबर की सुबह वहां पहुंचे और एक होटल में कमरा लेकर ठहर गए. इसके बाद उसी दिन दोपहर के समय नाबालिग लड़की और उस व्यक्ति ने पीड़िता से कहा कि पार्टी करने के लिए वह उनके साथ दूसरे कमरे में चलकर बैठे.
कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद पीड़ितो हुई बेहोश
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वहां मौजूद लोग बीयर पी रहे थे और उसे पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक दी गई. कोल्ड ड्रिंक पीने के कुछ समय बाद उसे नशे जैसा महसूस होने लगा और वह बेहोश हो गई. जब पीड़िता को होश आया तो उसने देखा की उसके कपड़े इधर-उधर बिखरे हुए हैं. इसके बाद उसने वहां मौजूद दोनों लोगों से इस बारे में पूछा, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया. फिर पीड़िता वहां से अकेले ट्रेन से अहमदाबाद लौट आई.
कई महीनों तक यह मामला सामने नहीं आया. लेकिन बाद में बुधवार को एक लड़की ने उसे बताया कि उसका एक अश्लील वीडियो सोशल मीडिया के कई ग्रुप्स में वायरल हो रहा है. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बेहोशी की हालत में आरोपी ने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया. वहीं कमरे में साथ गई नाबालिग लड़की ने इस पूरी घटना का वीडियो बना ली.
पार्टी के बहाने माउंट आबू बुलाकर किया यौन उत्पीड़न
अपनी शिकायत में पीड़िता ने कहा कि वीडियो देखकर उसे समझ आया कि उसे नए साल की पार्टी के बहाने माउंट आबू बुलाया गया था और फिर उसके साथ यौन उत्पीड़न किया गया. पीड़िता ने आरोप लगाया है कि होटल के कमरे में आरोपी ने जबरन उसके साथ यौन उत्पीड़न किया, जबकि नाबालिग लड़की ने इसका वीडियो रिकॉर्ड कर और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
इस मामले में रानीप पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. इनमें दुष्कर्म, धोखे से शारीरिक संबंध बनाना, सामूहिक दुष्कर्म, नुकसान पहुंचाने के इरादे से नशीला पदार्थ देना और आपराधिक विश्वासघात से जुड़ी धाराएं शामिल हैं. साथ ही, इस मामले में पॉक्सो एक्ट (POCSO) और अत्याचार निवारण कानून के तहत भी कार्रवाई की गई है.