Skip to content

Ahilyanagar News: स्कूल से लौट रही क्लास-6 की छात्रा पर एसिड अटैक! हमलावर फरार, इलाके में दहशत

महाराष्ट्र स्थित अहिल्यानगर जिले से एक खौफनाक वारदात सामने आई है. जिले के संगमनेर तहसील के वडगांव पान इलाके में छठी कक्षा की छात्रा पर एसिड हमला होने से इलाके में दहशत फैल गई. छात्रा स्कूल से लौट रही थी ठीक उसी समय एक अज्ञात युवक ने उसके चेहरे पर एसिड फेंका और फरार हो गया. घटना के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गए हैं.

दरअसल वडगांव पान स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा रोज की तरह सुबह स्कूल खत्म होने के बाद घर लौट रही थी. इसी दौरान रास्ते में अचानक एक अज्ञात युवक उसके पास आया और बिना किसी बातचीत के सीधे उसके चेहरे पर एसिड फेंक दिया.

हमले के बाद बच्ची दर्द से चीखने लगी, जिससे आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. आरोपी मौके का फायदा उठाकर तुरंत फरार हो गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है.

पीड़िता की स्थिति और इलाज

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल छात्रा को इलाज के लिए लोनी के प्रवरानगर अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर नजर बनाए हुए है और प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया गया है.

बताया जा रहा है कि पीड़िता बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखती है. पिता के निधन के बाद वह अपनी मां और दादा-दादी के साथ रहती है, जहां मां मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती है. इस घटना ने पूरे परिवार के बाद राज्य में सुरक्षा व्यवस्था और एसिड के गैरकानूनी बिक्री पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

पुलिस जांच और कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ डॉ. कुणाल सोनवणे और पुलिस निरीक्षक प्रवीण सालुंखे सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.

जांच के तहत पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है. अधिकारियों के मुताबिक हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *