मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में स्थित प्रसिद्ध बगलामुखी माता मंदिर में चप्पल चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां दर्शन करने पहुंचे एक नायब तहसीलदार की चप्पल चोरी हो गई. खास बात यह है कि उन्होंने खुद सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोर की पहचान की और पुलिस को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की.
जानकारी के अनुसार, नायब तहसीलदार अरुण चंद्रवंशी 2 मार्च को दोपहर करीब 3:15 बजे नलखेड़ा स्थित बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे. उन्होंने अपनी करीब 500 रुपये की चप्पल रसीद काउंटर के पास उतारी थी. दर्शन करने के बाद जब वह 3:25 बजे वापस लौटे, तो उनकी चप्पल वहां नहीं मिली.
चप्पल चोरी को लेकर तहसीलदार ने दर्ज कराई एफआईआर
चंद्रवंशी ने इस घटना की शिकायत पुलिस अधीक्षक को आधिकारिक पत्र लिखकर की. यह पत्र सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया. जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. अपने पत्र में उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और मंदिर कर्मचारियों की मदद से एक व्यक्ति की पहचान की गई. पूछताछ के दौरान उस व्यक्ति ने चप्पल चोरी करना स्वीकार कर लिया.
यह भी पढ़ें: सीहोर के तीन गांवों में होली दहन के साथ बुराइयों का अंत, किसानों ने ली नशे के खिलाफ सामूहिक शपथ
शिकायत दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
नायब तहसीलदार ने यह भी लिखा कि मंदिर में आए दिन चप्पल, जूते और अन्य सामान की चोरी की घटनाएं होती रहती हैं. इससे लोगों की आस्था को ठेस पहुंचती है. उन्होंने बताया कि चप्पल ढूंढने में उन्हें करीब एक घंटा परेशान होना पड़ा और एक पटवारी व अन्य लोगों की मदद के बाद भी चप्पल नहीं मिली.
यह भी पढ़ें: MP के सरकारी कर्मचारियों को मिला ‘होली गिफ्ट’, CM मोहन ने 3% बढ़ाया महंगाई भत्ता, अब मिलेगा 58% DA
उन्होंने पुलिस से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 और 170 के तहत आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. नलखेड़ा थाना प्रभारी नागेश यादव ने कहा कि मामले की जांच के बाद कानूनी कदम उठाए जाएंगे.