भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ग्वालियर की एमपी-एमएलए कोर्ट ने 2024 के भिंड जिले से जुड़े एक मामले में उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। बताया जा रहा है कि यह मामला लोकसभा चुनाव के दौरान दिए गए एक कथित बयान से जुड़ा है।
जानकारी के अनुसार, मामले में अदालत की ओर से पहले भी समन जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित तिथि पर पेश नहीं होने के कारण कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया। सुनवाई के दौरान अदालत ने पुलिस से यह भी सवाल किया कि वारंट और समन के बावजूद आरोपी को अब तक न्यायालय के समक्ष पेश क्यों नहीं किया जा सका।
यह मामला वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भिंड जिले के उमरी क्षेत्र में आयोजित एक चुनावी सभा से जुड़ा बताया जा रहा है। उस समय दिए गए कथित बयान को लेकर उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था।
फिलहाल इस मामले में जीतू पटवारी या मध्य प्रदेश कांग्रेस की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की अगली सुनवाई अदालत में निर्धारित तिथि पर होगी।
