राजू सिंह राठौड़
बुरहानपुर। जिले की नेपानगर पुलिस ने चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 60 हजार रुपये मूल्य का चोरी किया गया लोहे का सामान बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, फरियादी प्रवीण काटकर ने सातपायरी स्थित गिट्टी खदान से लोहे की सामग्री चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर नेपानगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ताप्ती पुल के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध लोडिंग वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें चोरी का लोहे का सामान बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने सातपायरी स्थित गिट्टी खदान से दो लोहे के गर्डर और दो जालीदार लोहे के गेट चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा सामान जब्त कर लिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से जिले में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। मामले की जांच जारी है।
