News by Azam Lala
भोपाल। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के अतरैला निवासी विपेंद्र सिंह तोमर ने राज्य के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) शैलेंद्र सिंह और उनके बेटे, आईपीएल टीम पंजाब किंग्स के क्रिकेटर शशांक सिंह पर मारपीट, अवैध रूप से बंधक बनाकर रखने और बदसलूकी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता ने मामले में निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्हें भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र के नीलबड़-मेंडोरी गांव में काम दिलाने के बहाने बुलाया गया। वहां उनके साथ कथित रूप से मारपीट की गई, तीन दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और गाली-गलौज की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनसे जबरन ₹1,000 ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए और उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।
विपेंद्र सिंह तोमर का कहना है कि किसी तरह वहां से निकलने के बाद उन्होंने रातीबड़ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्याय की मांग करते हुए संबंधित अधिकारियों से हस्तक्षेप की अपील की है।
फिलहाल इस मामले में पूर्व डीजीपी शैलेंद्र सिंह, क्रिकेटर शशांक सिंह या पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यह खबर शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले की जांच और संबंधित पक्ष का बयान सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.
