भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ईश्वरदास रोहाणी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने ईश्वरदास रोहाणी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके सार्वजनिक जीवन को जनसेवा, सादगी एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पित बताया। उन्होंने कहा कि रोहाणी ने विधानसभा अध्यक्ष के रूप में सदन की गरिमा बनाए रखते हुए निष्पक्ष और प्रभावी कार्यशैली की मिसाल पेश की।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ईश्वरदास रोहाणी का जीवन जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और जनता की सेवा के लिए जो योगदान दिया, उसे हमेशा याद रखा जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।
