अरविन्द तिवारी
रीवा के प्रसिद्ध इटमा वॉटरफॉल में एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। सेल्फी लेने के दौरान पैर फिसलने से एक युवक गहरे पानी में गिर गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
लगातार हो रहे हादसों के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के बरगढ़ निवासी 21 वर्षीय सोनू खान अपने परिजनों और दोस्तों के साथ इटमा वॉटरफॉल घूमने आया था।

इसी दौरान वह सेल्फी लेने के लिए झरने के किनारे चट्टान पर पहुंचा, जहां संतुलन बिगड़ने से सीधे गहरे पानी में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी।
बारिश के मौसम में जलप्रपातों पर बढ़ती पर्यटकों की भीड़ के बीच लगातार हो रहे हादसों ने सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरुकरण सिंह ने पर्यटकों से अपील की है कि वे जलप्रपातों के खतरनाक किनारों पर न जाएं और सेल्फी लेने के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें। फिलहाल एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में रेस्क्यू अभियान चला रही है।
