News by Azam Lala
भोपाल। मूसलाधार बारिश, आधी रात का अंधेरा और तेज बहाव से उफनता नाला… ऐसे खौफनाक माहौल में जब हर पल एक बुजुर्ग की जिंदगी मौत के करीब पहुंच रही थी, तभी हनुमानगंज थाना पुलिस के दो आरक्षकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर मानवता की मिसाल पेश कर दी।
घटना हनुमानगंज थाना क्षेत्र के पुट्ठा मिल स्थित अग्रवाल तिराहा के पास की है। रात करीब 12 बजे नियमित गश्त के दौरान आरक्षक मोहित शिवहरे और राजेंद्र रघुवंशी को मदद के लिए किसी की चीख सुनाई दी। आवाज की दिशा में पहुंचे तो देखा कि लगभग 60 वर्षीय एक अज्ञात बुजुर्ग सिर में चोट लगने के बाद गहरे नाले में गिर गया था और तेज बहाव में फंसा हुआ था।
हालात बेहद गंभीर थे। लगातार हो रही बारिश से नाले का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा था। रेस्क्यू टीम के पहुंचने का इंतजार करना बुजुर्ग की जान के लिए खतरा बन सकता था। ऐसे में दोनों पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए खुद नाले में उतरने का फैसला किया।
तेज बहाव, कीचड़ और फिसलन के बीच संघर्ष करते हुए दोनों जवानों ने बुजुर्ग तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला। बाहर लाने के बाद उसकी हालत नाजुक थी और सांसें भी धीमी पड़ चुकी थीं। पुलिसकर्मियों ने तत्काल सीपीआर देकर उसे प्राथमिक जीवनरक्षक सहायता दी, जिससे उसकी सांसें सामान्य होने लगीं। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
इस साहसिक रेस्क्यू का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दोनों आरक्षकों की जमकर सराहना हो रही है। लोग इसे पुलिस की संवेदनशीलता, कर्तव्यनिष्ठा और बहादुरी का जीवंत उदाहरण बता रहे हैं।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पुलिस सिर्फ कानून-व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की हर घड़ी में आम लोगों के लिए उम्मीद और जीवन की सबसे बड़ी ताकत बनकर भी खड़ी रहती है।
