नरसिंहपुर। जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी संयुक्त कार्रवाई की है। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा के निर्देशन में राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान अवैध रेत कारोबार से जुड़े कई मामलों का खुलासा हुआ और बड़ी मात्रा में रेत सहित वाहन जब्त किए गए।
प्रशासन द्वारा चलाए गए अभियान के तहत नरसिंहपुर तहसील के ग्राम पिठेहरा में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से भंडारित 81 घनमीटर रेत लावारिस अवस्था में पाई गई। मौके पर पहुंची टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए रेत को जब्त कर लिया।
इसी क्रम में तेंदूखेड़ा क्षेत्र में जांच के दौरान एक हाईवा वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक मात्रा में गिट्टी का परिवहन करते पाया गया। नियमों का उल्लंघन सामने आने पर वाहन को जब्त कर पुलिस थाना तेंदूखेड़ा की अभिरक्षा में रखा गया।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान ग्राम रेहली स्थित बारूरेवा नदी क्षेत्र में भी अवैध गतिविधियां सामने आईं। यहां अवैध रूप से रेत उत्खनन और परिवहन करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा गया। संबंधित वाहनों को जब्त कर कोतवाली नरसिंहपुर पुलिस को सुपुर्द किया गया।
इसके अलावा अभियान के दौरान सांईखेड़ा तहसील के ग्राम चामचौन में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से भंडारित 141 घनमीटर रेत बरामद की गई। यह रेत आंगनवाड़ी केंद्र के पीछे दो बड़े ढेरों के रूप में जमा की गई थी। प्रशासन ने मौके पर कार्रवाई करते हुए इसे जब्त कर नियमानुसार ग्राम कोटवार की सुपुर्दगी में सौंप दिया।
जांच टीम ने ग्राम खापा में भी कार्रवाई करते हुए निजी भूमि पर अवैध रूप से रखी गई 36 घनमीटर रेत को जब्त किया। प्रशासन ने संबंधित भूमि स्वामी और ग्राम कोटवार को नियमानुसार सुपुर्दगी की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलेभर में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान कुल 258 घनमीटर अवैध रेत, तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक हाईवा वाहन जब्त किया गया। प्रशासन का कहना है कि खनिज संसाधनों के अवैध दोहन को रोकने और राजस्व नुकसान पर नियंत्रण के लिए आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा भविष्य में निगरानी और अधिक सख्त की जाएगी।
नरसिंहपुर से — चंद्रशेखर मालवीय

