बुरहानपुर। लखनऊ में हाल ही में हुए दर्दनाक हादसे के बाद बुरहानपुर नगर निगम अलर्ट मोड में आ गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और बहुमंजिला व्यावसायिक भवनों में संचालित कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण शुरू कर दिया गया है। नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव स्वयं अधिकारियों की टीम के साथ विभिन्न कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान फायर सेफ्टी उपकरण, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। कई संस्थानों में फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिलने पर संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी संस्थान में सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और सभी कोचिंग संस्थानों की जांच की जाएगी। निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
नगर निगम का कहना है कि प्रशासन का उद्देश्य किसी दुर्घटना का इंतजार करना नहीं, बल्कि पहले से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना है। इस कार्रवाई के बाद कोचिंग संचालकों में भी जागरूकता बढ़ी है और वे सुरक्षा मानकों को पूरा करने की दिशा में आवश्यक कदम उठा रहे हैं।
